अमेठी

गर्माएगी अमेठी की सियासत…फिर आमने सामने होंगे राहुल-स्मृति

कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाली अमेठी की सियासत फिर गर्म होने जा रही है। 13-14 अप्रैल को स्मृति तो 16-17 को राहुल होंगे अमेठी के दौरे पर
2 min read
• •
Updated: 10 Apr 2018, 3:08 PM IST
amethi

अमेठी. कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाली अमेठी की सियासत फिर गर्म होने जा रही है। दरअसल एक सप्ताह के भीतर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का अमेठी दौरा है। हालांकि राहुल गांधी के दौरे की आधिकारिक पुष्टि तो नहीं हुई लेकिन सूत्रों की मानें तो अमेठी में कमजोर होते संगठन को मजबूत करने के लिए राहुल गांधी जल्द ही अहम बदलाव करने वाले हैं।राहुल गांधी 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले पहले वो कार्यकर्ताओं की नब्ज़ टटोलने के साथ-साथ निगरानी समिति की बैठक में हिस्सा लेंगे।


13 अप्रैल को पहुंचेंगी स्मृति

केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी 13 अप्रैल से दो दिनों यात्रा पर यहां पहुंच रही हैं।बीजेपी की ओर से जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय मंत्री एवं अमेठी की दीदी स्मृति ईरानी 13-14 अप्रैल को अमेठी के लोगों को कई सौगात देने वाली हैं। प्रमुख रूप से वो अमेठी के कठौरा में बनने वाले कृषि विज्ञान केंद्र का भूमि पूजन करेंगी, गत नव वर्ष की पूर्व संध्या पर 17 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिमोट कंट्रोल से जिसका शिलान्यास किया था।


विकास कार्यों का जाएजा लेंगी

उमाशंकर पाण्डेय के मतुाबिक, स्मृति क्षेत्र की महिलाओं द्वारा 'निमोली' (नीम की फली) से तैयार किये गये तेल का काम करने वाली महिलाओं से मुलाकात करेगी। आपको बता दें कि अमेठी में तैयार होने वाले इस तेल पर गुजरात की नर्मदा फर्टिलाइज़र्स कम्पनी का कोड होगा। उन्होंने बताया कि वो पिपरी घाट पर बन रहे बांध के कार्यों का भी जायेजा लेंगी।2014 के लोकसभा चुनाव में यहां के लोगों ने वोट का बहिष्कार किया था। जिस पर ईरानी ने उन्हें भरोसा दिलाया था के वो नदी पर बांध की व्यवस्था कराएंगी। दीदी गौरीगंज के नवोदय स्कूल में अमेठी के प्रधानों के साथ बैठक भी लेगी। बता दें कि केंद्रीय मंत्री के दौरे से पूर्व अमेठी की डीएम शकुंतला गौतम और एसपी केके गहलौत ने समस्त कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए मातहतों को उचित दिशा-निर्देश दिये हैं।


जन समस्याओं को सुनेंगे राहुल

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दो दिवसीय दौर पर अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी 16 अप्रैल को आएंगे। वह सर्तकता निगरानी समिति की बैठक, केन्द्रीय योजनाओं की समीक्षा के साथ साथ पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक में भाग लेंगे। राहुल इस दौरान 17 अप्रैल को जिला सर्तकता निगरानी कमेटी की बैठक में भाग लेंगे। कांग्रेस के विधान परिषद के सदस्य दीपक सिंह ने यहां बताया कि इस दौरान गांधी अपने संसदीय क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यो की समीक्षा करेंगे। गांधी मुंशीगंज स्थित गेस्ट हाऊस में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष 17 अप्रैल की सुबह जनता दरबार लगाएंगे, जहां वह लोगों की समस्यों को सुनेंगे।


स्मृति फिर लड़ सकती हैं चुनाव

सूत्रों की मानें तो स्मृति फिर से अमेठी से चुनाव लड़ने के मूड में हैं। 2014 का लोकसभा चुनाव हारने के बाद स्मृति ईरानी ने अमेठी का साथ नहीं छोड़ा, बल्कि बीच-बीच में आकर कार्यकर्ताओं से मिलती रहीं। यही नहीं अपनी सासंद निधि के साथ केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की मदद से भी कई विकास कार्य भी यहां कराए। पिछले साल 10 अक्तूबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अमेठी में कई विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास करके स्मृति ईरानी के दोबारा अमेठी से लड़ने के दावे पर अपनी सहमति दे दी थी।

Published on: