
अमेठी. बीजेपी इस बार के लोकसभा चुनाव में अमेठी सीट को गवाना नहीं चाहती। इसके लिए एक के बाद एक कार्ड वो खेलती दिखाई दे रही है। योगी सरकार के मंत्री सुरेश पासी का कहना है की जल्द ही अमेठी के जगदीशपुर में ट्रामा सेंटर का निर्माण शुरु हो जाएगा।
स्मृति ईरानी ने की पहल
गौरतलब है कि केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अमेठी जनपद में ट्रामा सेंटर बनाए जाने की बात की थी। इसके बाद ही प्रदेश सरकार ने अमेठी की जनता की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए जनपद के जगदीशपुर में ट्रामा सेंटर का प्रस्ताव तैयार किया है। यहां पर ट्रामा सेंटर सीएचसी परिसर में खुलेगा। वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर जगदीशपुर में ट्रामा सेंटर बनाने को शासन ने मंजूरी दे दी है। शासन ने जिला प्रशासन को निःशुल्क भूमि जगदीशपुर के एनएच-56 पर जहां पुराना सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र था, उसे ट्रामा सेंटर के लिए चिन्हित किया है। बजट मिल जाएगा, तो निर्माण कार्य शुरु हो जाएगा, जिससे जिले में रहने वाले जनता को अन्य दूसरे जनपदों में नहीं जाना पड़ेगा।
बजट मिलते ही निर्माण कार्य शुरू
राज्यमंत्री सुरेश पासी ने बताया कि इस क्षेत्र की जनता ने मुझे विधायक चुना है जनता का धन्यवाद है। क्षेत्र की जनता की हर समस्या के लिए शासन स्तर पर काम किया जा रहा है। स्मृति ईरानी के प्रयास के करण ट्रामा सेंटर जगदीशपुर में स्थापित हो रहा है। बजट के आवंटन होते ही निर्माण कार्य किया जाएगा। सीएमओ आरएम श्रीवास्तव ने कहा कि ट्रामा सेंटर का डीपीआर तैयार करके शासन को भेज दिया गया है। जैसे ही बजट मिल जाएगा निर्माण कार्य शुरु कर दिया जाएगा।