
अमेठी. जिले की जायस कोतवाली क्षेत्र के गांधी नगर चौराहे के पास उस वक्त कोहराम मच गया, जब दो ट्रक आपस में लड़ने से बचने के चक्कर में एक घर में जा घुसे। ट्रकों की चपेट में आने से घर में सो रही बुजुर्ग महिला व 14 वर्ष के दिव्यांग बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका सीएचसी जायस में इलाज चल रहा है।
घटना सोमवार सुबह पांच बजे की है, जब मौरंग से भरा ट्रक और रेलवे की गिट्टी लादकर ले जा रहे तेज रफ्तार ट्रक आमने-सामने आ गये। आपस में भिड़ न जायें, इसलिये एक ट्रक ने स्टेयरिंग बायीं ओर काट दी। अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर नाले को तोड़ता हुआ एक घर में जा घुसा। हादसे के बाद घर में सो रही बुजुर्ग महिला सावित्री और दिव्यांग नाती की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।
घर के अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गये स्थानीय लोग
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों ट्रक काफी स्पीड में थे। टक्कर से बचने के लिये एक ट्रक अनियन्त्रित होकर नाले में जा घुसा। कुछ फटने की तेज आवाज सुनकर लोगों की नींद खुली तो दर्दनाक नजारा देखकर कोहराम मच गया। नाले को तोड़ता हुआ ट्रक घर में जा घुसा था। लोग जब घर में घुसे और टीन की चादर हटाकर देखी तो बुजुर्ग की मौत हो चुकी थी। पास में ही पड़ी चारपाई पर दिव्यांग मासूम का शव पड़ा था।
लोगों ने दी पुलिस को फोन पर दी जानकारी
लोगों ने डायल 100 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से शवों को घर से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। घटना के बाद से क्षेत्र में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
देखें वीडियो...