
अमेठी. केंद्रीय राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के अमेठी दौरे पर तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी की फॉरेन वकेशन अब खत्म हो गई होगी। उनका एक पैटर्न है कि जब चुनाव आते हैं, वह यूपी टूरिज्म पर निकल आते हैं। इसलिए वह अमेठी आ रहे हैं। उनके पता लग गया होगा कि अब वायनाड से भी लोग उन्हें भगाना चाहते हैं, इसलिए वह देश के दौरे पर हैं और सोच रहे होंगे कि अमेठी में तो वोट मिलने से रहा. वायनाड से भी खदेड़ा जाएगा। तो अब कहां जाऊं?
आज 6 किलोमीटर पदयात्रा करेंगे राहुल
गौरतलब है कि अमेठी कांग्रेस का गढ़ रहा है। लंबे समय से कांग्रेस का ही अमेठी पर कब्जा था। अब भाई-बहन यानी राहुल और प्रियंका वहां चुनाव से पहले पैदल यात्रा करने जा रहे हैं। यहां वह भाजपा को हटाने के लिए 'प्रतिज्ञा पदयात्रा' में शामिल होंगे। राहुल और प्रियंका का अमेठी दौरा जिले के कांग्रेसियों के लिए संजीवनी साबित हो सकता है। वे अमेठी की आरक्षित विधानसभा सीट जगदीशपुर के रामलीला मैदान से हारीमऊ गांव तक मोदी सरकार की नीतियों के विरोध में आयोजित करीब छह किलोमीटर की पदयात्रा में हिस्सा लेंगे। पदयात्रा के समापन स्थल हारीमऊ में वे एक सभा को भी संबोधित करेंगे।