अमृतसर

Amritsar Crime: अमृतसर में सीमा पार ड्रग्स-हथियार तस्करी नेटवर्क का खुलासा, 5 किलो हेरोइन के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

Drug Smuggling: अमृतसर पुलिस ने सीमा पार से चल रहे ड्रग्स और अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 5.557 किलोग्राम हेरोइन और दो पिस्तौल बरामद किए गए हैं।
2 min read
Jul 18, 2026
Amritsar Crime
फाइल फोटो- पत्रिका

अमृतसर। पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार से संचालित ड्रग्स और अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 5 किलोग्राम हेरोइन और दो पिस्तौल बरामद किए हैं। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे।

उन्हें सीमा पार से मादक पदार्थ और अवैध हथियारों की खेप प्राप्त होती थी, जिसे वे आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने का काम करते थे। पुलिस ने इस संबंध में अमृतसर के इस्लामाबाद और छेहरटा थाना क्षेत्रों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। यादव ने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है। जांच के दौरान इस नेटवर्क के संपर्कों का पता लगाया जा रहा है तथा इसमें शामिल अन्य आरोपियों और सहयोगियों की पहचान की जा रही है।

उन्होंने कहा कि पंजाब में सीमा पार से संचालित ड्रग्स और हथियार तस्करी नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने दोहराया कि पंजाब को सुरक्षित, संरक्षित और नशा मुक्त बनाने के लिए ऐसे संगठित गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से चल रहे अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया था। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 10 आधुनिक पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और दो मोटरसाइकिल बरामद किए गए थे।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया था कि जांच में पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे एक तस्कर के संपर्क में थे। उसके कहने पर वे सीमा पार से अवैध हथियारों की खेप लाते थे और उन्हें पंजाब में सक्रिय आपराधिक लोगों तक पहुंचाते थे।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि सिंह, शरणबीर सिंह उर्फ सन्नी, मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नू और पिप्पल सिंह के रूप में हुई थी। इनमें दो आरोपी अमृतसर जिले और दो फिरोजपुर जिले के सीमा से लगे गांवों के रहने वाले हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन चीन निर्मित .30 बोर पिस्तौल, एक 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, एक अन्य 9 एमएम पिस्तौल, पांच .30 बोर पिस्तौल और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पुलिस का मानना है कि इन मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल हथियारों की तस्करी में किया जाता था।

Updated on:
18 Jul 2026 02:32 pm
Published on:
18 Jul 2026 02:32 pm