
अमरोहा। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। पुलिस और प्रशासन इसका सख्ती से पालन कराने के लिए सड़कों पर हैं। पुलिस अधिकारी चेकिंग की पड़ताल करने के लिए बिना वर्दी के भी घूम रहे हैं। अमरोहा के एसपी विपिन तांडा भी लॉकडान का पालन कराने के लिए पूरे जोर—शोर से लगे हुए हैं।
सादे कपड़ों में निकले राउंड पर
अमरोहा में भी पुलिस लॉकडाउन का पालन कराने के लिए सख्ती कर रही है। इस दौरान कई जगह की चेकिंग की जा रही है। एसपी विपिन तांडा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सोमवार को सड़क पर निकले। उन्होंने वर्दी नहीं पहन रखी थी और एक निजी कार में सवार थे। वह मास्क लगाए हुए थे। पहले उनको रास्ते में एसडीएम विवेक यादव और सीओ अजय कुमार मिले। दोनों अधिकारियों को एसपी ने अपने बारे में किसी को बताने से मना कर दिया।
एसपी को नहीं पहचान सके दरोगा
इसके बाद वह कार से कांठ रोड पर पहुंचे। वहां चौकी प्रभारी सुनील मौर्य ने उनकी कार रोक ली। मास्क लगा होने के कारण सुनील मौर्य एसपी को नहीं पहचान सके। उन्होंने एसपी विपिन तांडा को कार से उतरवा लिया। दरोगा ने उनसे घर से बाहर निकलने का कारण पूछा। इसके साथ ही उन्होंने एसपी से कार के कागज भी मांगे।
मास्क हटाने पर पैरों तले खिसकी जमीन
थोड़ी देर बाद में जब एसपी ने मास्क हटाया तो दरोगा सुनील मौर्य के पैरों तले जमीन खिसक गई। हालांकि, ड्यूटी पूरी इमानदारी से निभाने पर एसपी ने उनकी पीठ थपथपाई। वहां से निकलने के बाद एसपी टीपी नगर चौराहे पर पहुंचे। वहां उनको सुरक्षा—व्यवस्था में लापरवाही दिखी। इस पर उन्होंने चौकी प्रभारी को चेतावनी दी। एसपी ने नौगावां सादात व डिडौली थानाक्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसपी विपिन तांडा ने बताया कि सभी हर जगह स्थिति लगभग ठीक मिली है। कुछ जगहों पर उन्होंने कमियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं।