Janmashtami 2024: यूपी के अमरोहा में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जिले की सभी गौशालाओं में विशेष गौ पूजन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार त्यागी ने प्रमुख भूमिका निभाई। उन्होंने गायों को गुड़ खिलाकर आरती उतारी।
Janmashtami 2024: अमरोहा के जिलाधिकारी राजेश कुमार त्यागी ने नगर पालिका परिषद अमरोहा की गौशाला और विकासखंड अमरोहा की कताई मिल गौशाला में पहुंचकर विधिवत गौ पूजन किया। पहले नगर पालिका अमरोहा की गौशाला में जिलाधिकारी ने विद्वान ब्राह्मणों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रों के साथ तिलक लगाया, माला पहनाई और आरती उतारी। इसके बाद, जिलाधिकारी ने कताई मिल गौशाला में भी गौ पूजन किया। इस अवसर पर गायों को गुड़ और केला खिलाया। इस आयोजन में मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्र और नगर पालिका अध्यक्ष शशि जैन भी उपस्थित रहे और गौ पूजन में हिस्सा लिया।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिले की सभी गौशालाओं में गौ पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य गौ संरक्षण और संवर्धन के महत्व को बढ़ावा देना है और लोगों को गाय के प्रति अधिक सम्मान और प्रेम जगाना है।