
अमरोहा। लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों की मदद के लिए केंद्र और राज्य सकार प्रयासरत है। इसके लिए जहां दिहाड़ी मजदूरों के खाते में एक हजार रुपये डाले जा रहे हैं, वहीं उज्जवला योजना के लाभार्थियों के खाते धनराशि जमा की जा रही है। यह राशि मुफ्त सिलेंडर खरीदने के लिए दी जा रही है। सरकार का मकसद यह है कि इन हालातों में कोई भूखा न रहे। प्रशासन भी इसके लिए हरसंभव मदद कर रहा है।
सिलेंडर खरीदने के लिए दिए रुपये
अमरोहा में जनपद में उज्जवला योजना के लाभार्थियों की संख्या 1 लाख 30 हजार 933 है। इन सभी के खाते में सरकार ने 10 करोड़ रुपये की धनराशि डाली है। यह रुपये उनको सिलेंडर खरीदने के लिए दिए गए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि कुछ लाभार्थी इन पैसों से सिलेंडर नहीं खरीद रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे इन पैसों का इस्तेमाल दूसरे खर्चों में कर रहे हैं। इसको देखते हुए अधिकारी ऐसे लोगों के खाते में दूसरी किश्त नहीं आने की बात कर रहे हैं।
80 हजार ने निकाले रुपये
लॉकडाउन में लोगों को अपने घरों में ही रहने को कहा गया है। इस बीच उज्ज्वला के लाभार्थियों को मुफ्त सिलेंडर देने का ऐलान किया गया है। इसकी धनराशि लाभार्थी के उन खातों में भेजी जा रही है, जिनमें सब्सिडी आती है। जिले में करीब 80 फीसदी लोगों ने इस धनराशि का इस्तेमाल किया है। 1 लाख 30 हजार में से अभी तक 80 हजार लाभार्थियों ने यह धनराशि निकाली है। इनमें से करीब चार हजार लोगों ने रुपये तो निकाल लिए लेकिन सिलेंडर नहीं खरीदा। एरिया सेल्स ऑफिसर रोहित कुमार का कहना है कि जो लोग इस धनराशि से सिलेंडर नहीं खरीदेंगे, उनके खाते में अगले माह रुपये नहीं आएंगे। लोगों के लिए बेहतर होगा कि वे रुपये निकालकर गैस एजेंसी से सिलेंडर खरीद लें।