अमरोहा

अमरोहा में 18 फरवरी से यूपी बोर्ड परीक्षा: 51 हजार से ज्यादा छात्र देंगे परीक्षा, नकल रोकने के लिए प्रशासन सख्त

Amroha News: अमरोहा में 18 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट है।

2 min read
Feb 10, 2026
अमरोहा में 18 फरवरी से यूपी बोर्ड परीक्षा..

UP Board Exam 2026: अमरोहा में 18 फरवरी से शुरू होने वाली यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। नकल विहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। बैठक में डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा की पवित्रता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ये भी पढ़ें

‘मां, भगवान बुला रहे हैं…’ नोएडा में शिव प्रतिमा के सामने युवक ने दी जान, चाकू से काटी हाथ और गले की नस

12 मार्च तक चलेंगी बोर्ड परीक्षाएं

जिले में यूपी बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से प्रारंभ होकर 12 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षाएं दो पालियों में होंगी, जिसमें पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। इस दौरान जिले के कुल 68 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा कराई जाएगी, जहां हजारों छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।

51 हजार से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल

इस वर्ष अमरोहा जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा में कुल 51,277 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 28,583 और इंटरमीडिएट के 24,694 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। डीएम ने निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर छात्रों की संख्या के अनुसार बैठने, प्रकाश और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

तलाशी और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस

जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि छात्रों और छात्राओं की तलाशी के लिए अलग-अलग चेकिंग रूम बनाए जाएं। छात्राओं की तलाशी महिला कर्मचारी और छात्रों की तलाशी पुरुष कर्मचारी द्वारा ही की जाएगी। इसके साथ ही स्टैटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट को नियमित रूप से परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा गया है।

बिजली, जनरेटर और सुविधाएं अनिवार्य

डीएम ने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त रोशनी, पंखों और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बिजली कटौती की स्थिति से निपटने के लिए प्रत्येक केंद्र पर जनरेटर की व्यवस्था अनिवार्य करने को कहा गया। साथ ही प्रश्न पत्रों के परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के बाद उनकी सुरक्षा और उत्तर पुस्तिकाओं की जिम्मेदारी पूरी तरह केंद्र व्यवस्थापक की होगी।

अनधिकृत प्रवेश पर सख्त रोक

परीक्षा केंद्रों के अंदर किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने जानकारी दी कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि नकल करने या नकल कराने में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गरिमा सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. प्रवेश कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

Also Read
View All

अगली खबर