Amroha News: अमरोहा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 60 वर्षीय व्यक्ति को शादी का झांसा देकर 50 हजार नकद और एक लाख से ज्यादा के असली गहनों की ठगी की गई, जबकि दुल्हन को नकली जेवर पहनाकर भेज दिया गया।
Fake Bride Marriage Scam Amroha: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांव अगरौला कला निवासी 60 वर्षीय सोमपाल सिंह की पत्नी का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है। बेटियों की शादी हो चुकी है और घर में अकेलेपन व कामकाज की दिक्कतों के चलते वह लंबे समय से दूसरी शादी की इच्छा जता रहे थे। इसी मजबूरी और भावनात्मक स्थिति का फायदा उठाकर जालसाजों ने उन्हें अपने जाल में फंसा लिया।
बताया जा रहा है कि सोमपाल सिंह को गांव के ही एक व्यक्ति ने हसनपुर की रहने वाली दो सगी बहनों से मिलवाया। यह दोनों बहनें पहले भी शादी के नाम पर लोगों को फंसाकर ठगी कर चुकी हैं। योजनाबद्ध तरीके से उन्होंने एक महिला को दुल्हन बनाकर पेश किया और पूरी कहानी को भरोसेमंद बनाने के लिए अपने साथ भाभी को भी लाईं।
ठगों ने शादी तय करने के एवज में सोमपाल सिंह से 50 हजार रुपये नकद लिए। इसके बाद उन्हें एक आभूषण की दुकान पर ले जाकर करीब एक लाख रुपये से ज्यादा के सोने-चांदी के असली गहने भी खरीदवाए गए। सब कुछ इस तरह से किया गया कि पीड़ित को किसी तरह का शक न हो।
शुक्रवार को आरोपी महिला को शादी की रस्म के तौर पर सोमपाल सिंह के घर भेज दिया गया। जब दुल्हन घर पहुंची तो गांव की महिलाएं उसे देखने के लिए जमा हो गईं। उन्होंने उसके पहने गहनों को देखकर शक जताया और बताया कि ये जेवर असली नहीं बल्कि आर्टिफिशियल लग रहे हैं।
शक होने पर सोमपाल सिंह दुकान पर पहुंचे, जहां से गहने खरीदे गए थे। दुकानदार ने साफ तौर पर बताया कि महिला ने जो जेवर पहने हैं, वे उनकी दुकान के नहीं हैं और पूरी तरह नकली हैं। इसके बाद सोमपाल सिंह को एहसास हुआ कि उनके साथ बड़ी साजिश की गई है।
जब पीड़ित ने शादी कराने वाली महिलाओं से संपर्क किया तो उन्होंने रास्ते में मिलने का बहाना बनाया। वहां पहले से मौजूद उनके साथियों ने तमंचे के बल पर सोमपाल सिंह को जबरन गाड़ी में बैठा लिया। आरोपियों ने उसकी जेब से 13,800 रुपये नकद और घड़ी भी छीन ली।
आरोपियों ने मारपीट कर जबरन फोन करवाया और ग्राम प्रधान के माध्यम से दुल्हन को वापस बुलवा लिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान ग्राम प्रधान से भी अभद्रता की गई। दहशत में आकर परिवार ने महिला को वापस भेज दिया।
काफी मशक्कत के बाद सोमपाल सिंह आरोपियों के चंगुल से छूटकर हसनपुर कोतवाली पहुंचे और पूरी आपबीती पुलिस को सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़ित की ओर से प्रार्थना पत्र मिला है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।