Amroha Accident News: यूपी के अमरोहा में हाईवे पार कर रही दादी-पोती को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दादी-पोती सहित तीन की मौत हो गई। एक ही परिवार में तीन लोगों की मौत से गांव में कोहराम मच गया है।
Amroha Accident News Today: अमरोहा जिले में खेतों से चारा लेकर लौटते समय हाईवे पार कर रहीं ख्यालीपुर निवासी वीरवती (45), कक्षा पांच की छात्रा प्राची (12), 11वीं की छात्रा आरती (16) को कार चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों की मौत हो गई। जबकि, वीरवती की बेटी, प्राची की मां और एक किशोरी घायल हो गईं। युवती और किशोरी का पास के ही निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, घायल महिला जिला अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है।
आपको बता दें कि शुक्रवार दोपहर दो बजे विनोद की पत्नी वीरवती, उनकी बेटी आशा (20) और भतीजे अजब सिंह की पत्नी नीतू, उनकी बेटी प्राची, लखपत की बेटी आरती, मुकेश की बेटी अंशु (10) खेतों से चारा लेकर लौट रही थीं। सभी गांव के सामने हाईवे पार कर रही थी। इस बीच दिल्ली की दिशा से तेज रफ्तार कार आ गई। बताया जा रहा है कि उसमें ब्रजघाट गंगा में स्नान करने आए पानीपत के श्रद्धालु सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार चालक ने तेजी एवं लापरवाही से चलाते हुए वीरवती उनकी बेटी आशा, पौत्री प्राची व प्राची की मां नीतू, अंशु और आरती को रौंद दिया, जिससे सभी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद भाग रहे चालक को पकड़ लिया गया। सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई। घायल वीरवती, प्राची, नीतू और आरती को सीएचसी में लाया गया। जबकि, अंशु और आशा को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वीरवती को सीएचसी में मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, प्राची, नीतू, आरती की हालत गंभीर देख रेफर कर दिया गया। प्राची व आरती ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दादी-पोती सहित तीन की मौत से गांव में कोहराम मचा है।
सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि हादसे में महिला और दो छात्राओं की मौत की जानकारी मिली है।