
अनूपपुर। मुम्बई से कोरोना संक्रमित होकर अनूपपुर आए २१ वर्षीय युवक ने उपचार के दौरान कोरोना को शिकस्त दे दी। १८ जुलाई को युवक स्वस्थ्य होकर वापस अपने घर ग्राम लमसरई पुष्पराजगढ़ लौट गया। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, कोविड सेंटर के चिकित्सकों व अन्य स्टाफो ने युवक के स्वस्थ्य होने पर खुशी पूर्वक नई जिदंगी के साथ घर विदा किया। इस प्रकार पिछले दो दिनों में दो कोरोना संक्रमित मरीज स्वस्थ्य होकर वापस लौटा। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव एक्टिव केसों की संख्या मात्र ३ शेष रह गई है। इससे पूर्व ३० मरीज स्वस्थ्य होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि एक ४२ वर्षीय महिला वापस बिहार लौट चुकी है। उल्लेखनीय है कि ६ जुलाई को युवक मुंबई से पुष्पराजगढ़ आया था, जहां वापस लौटे युवक में ९ जुलाई को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। संक्रमण रिपोर्ट के बाद युवक को कोविड केयर सेंटर लाया गया था। युवक के स्वस्थ्य होने पर कोविड केयर सेंटर अनूपपुर से सीएमएचओ डॉ. बीडी सोनवानी, सिविल सर्जन डॉ. एससी राय, नोडल अधिकारी डॉ. एसआरपी द्विवेदी, आरएमओ डॉ. विजयभान सिंह सहित स्वास्थ्य दल मौजूद रहा। सीएमएचओ ने बताया कि युवक को स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन अनुसार अगले एक सप्ताह तक होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है। इलाजरत शेष 3 कोरोना पॉजि़टिव मरीज़ों का स्वास्थ्य स्थिर है एवं शीघ्र ही वे भी घर के लिए रवाना किए जाएंगे।
-----------------------------------------------------