
अभिषेक पाटस्कर (Photo Source - Patrika)
Anuppur news: मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में कोतमा थाना क्षेत्र अंतर्गत केवई नदी में शनिवार शाम नहाने के दौरान डूबे 15 वर्षीय किशोर अभिषेक पाटस्कर का शव करीब 13 घंटे बाद रविवार सुबह बरामद हुआ। रात 12.30 बजे तक एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अंधेरा और पानी की अधिक गहराई के कारण सफलता नहीं मिली। रविवार सुबह करीब 6.10 बजे परिजनों को नदी किनारे पानी में शव उतराता दिखाई दिया। परिजनों ने शव को बाहर निकाला, जिसके बाद रेस्क्यू अभियान समाप्त कर एसडीआरएफ टीम जिला मुख्यालय लौट गई।
मृतक अभिषेक पाटस्कर (15) पिता माधव पाटस्कर, वार्ड नंबर 6 कोतमा का निवासी था। जानकारी के अनुसार शनिवार शाम वह अपने दोस्तों के साथ लहसुई गांव के रास्ते केवई नदी पर बने रपटे को पार कर करीब 100-150 मीटर दूर स्टॉप डैम से सटे कुंडनुमा गहरे हिस्से में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
साथ मौजूद दोस्तों ने घटना की जानकारी घर पहुंचकर परिजनों को दी। सूचना मिलने पर परिजनों ने शाम करीब 6.30 बजे कोतमा पुलिस को जानकारी दी। पुलिस स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। अंधेरा होने तथा नदी की गहराई अधिक होने के कारण स्थानीय स्तर पर सफलता नहीं मिली। इसके बाद जिला मुख्यालय को सूचना दी गई।
जिला पुलिस कंट्रोल रूम से आपदा प्रबंधन टीम को अलर्ट किया गया। प्लाटून कमांडर एवं टीम प्रभारी राम नरेश भवेदी के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम शाम करीब 6.45 बजे आवश्यक उपकरणों के साथ करीब 60 किलोमीटर दूर घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम में राम नरेश भवेदी, अनुज कुमार, मुन्ना लाल रविदास, बालेन्द्र कुमार, बृजभान सिंह और शिवप्रताप सिंह शामिल रहे। एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने रात 12.30 बजे तक टॉर्च एवं सर्च लाइट की मदद से नदी के विभिन्न हिस्सों में तलाश की।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार लहसुई रपटे के पास नदी का यह हिस्सा काफी गहरा है और यहां प्राकृतिक खोह जैसी संरचनाएं भी बनी हुई हैं। तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण यह क्षेत्र हादसों की दृष्टि से संवेदनशील बताया जाता है। रविवार सुबह शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा भेजा। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Updated on:
20 Sept 2026 01:17 pm
Published on:
20 Sept 2026 12:37 pm
