
बूंद-बूंद पानी को तरसे नगरवासी, दो दिनों तक नहीं टपका नलों से पानी
अनूपपुर/ भालूमाड़ा/ अमरकंटक। मप्र.नगरपालिका कर्मचारी संघ के आह्वन पर नपा कर्मचारियों द्वारा ६ सूत्री मांगों में११-१२ जुलाई से की गई अनिश्चितकालीन हड़ताल में जिले के समस्त नगरीय जनजीवन बेहाल हो गया है। नगरवासी दो दिनों से बूंद-बूंद पानी के लिए त्रस्त हो गए हैं। हालात यह है कि अनूपपुर, पसान, कोतमा, जैतहरी तथा अमरकंटक में नगरवासियों ने आसपास वार्डो में लगे हैंडपम्पों से पानी भरकर अपनी जरूरतों को पूरा कर रहे हैं। जबकि अपनी मांगों के अबतक पूर्ण नहीं होने से नाराज नगरपालिका के कर्मचारी-अधिकारियों ने कार्यालय में कार्यो का बहिष्कार कर कलमबंद हड़ताल करते हुए ताला लगा अन्य कार्यो को भी प्रभावित कर दिया है। जिसके कारण नगरीय सुविधाओं में की जाने वाली जलापूर्ति व कचरा सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप है। जगह जगह कचरे का ढेर लगा हुआ है। पिछले दो दिनों से नगरीय क्षेत्रों में बिछी मुख्य पाईपलाईन के वॉल्व नहीं खोले गए, जिसके कारण घरों तक पहुंची पाईप में लगे नलों से एक बूंद पानी तक नहीं टपका है। यहां तक नगरीय क्षेत्रों में वैकल्पिक जलापूर्ति के लिए उपलब्ध पानी के टैंकर को कार्यालय में पार्क कर चालकों ने वाहनों को चलाने से इंकार कर दिया। बावजूद नगरीय क्षेत्रों में बन रही असुविधाओं में जिला प्रशासन और नगरीय प्रशासन बेसुध बनी हुई है। एक ओर जहां नगरों में व्यवस्थाएं बदहाल बनी हुई है। वहीं दूसरी ओर नगरपालिका कर्मचारी संघ के सदस्यों ने अपने अपने निकाय कार्यालय के समक्ष बैठकर मांगों के समर्थन में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। जबकि कुछ स्थानों पर कर्मचारियों ने सरकार के सद्बुद्धि के लिए हवन पूजन भी आरम्भ कर दी है। नपा कर्मचारी संघ कार्यकर्ताओं का कहना है कि जबतक सरकार हमारी मांगों को नहीं मानती, हमारी अनिश्चितकालीन हड़ताल जार रहेगी।
बॉक्स: दो बूंद पानी के लिए तरस गए वार्डवासी
नपा परिषद पसान के कर्मचारी छह सूत्रीय मांगों को लेकर बुधवार से कलमबंद हड़ताल कर रहे हैं। जिसमें करीब 100 से अधिक कर्मचारी-अधिकारी हड़ताल में शामिल हैं। हड़ताल के कारण पसान के विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जगह जगह कचरे का ढेर लगा हुआ है। बारिश होने से एकत्रित कचरे दुर्गंध मार रहे हैं। जबकि नपा के विभिन्न वार्डों में जहां टैंकर के माध्यम से पानी सप्लाई किया जाता है वहां लोगों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि उनके पास पानी की उपलब्धता के लिए कोई विकल्प नहीं है। जबकि पसान में 18 वार्ड है। सभी वार्डो में पानी व्यवस्था तीन दिनो से बंद है। कही साफ सफाई तो कहीं पानी की व्यवस्था के लिए वार्डो में हाहाकार मचा हुआ है।
बॉक्स: अमरकंटक में सरकार के सद्बुद्धि के लिए हुए हवन पूजन
अमरकंटक नपा के आधा सैकड़ा से अधिक अधिकारी व कर्मचारियों ने शुक्रवार को भगवान से सद्बुद्धि प्रदाय के लिए कार्यालय परिसर में हवन-पूजन किया। जहां कर्मचारियों ने मां नर्मदा से सरकार को सद्बुद्धि प्रदान कर कर्मचारियों व अधिकारियों की मांगों को पूरा कराने कामना की। नपा अमरकंटक कर्मचारी संघ अध्यक्ष मनोजकांत तिवारी का कहना है कि पिछले चार माह से अमरकंटक नगरपरिषद के कर्मचारियों को बजट के अभाव में वेतन नहीं प्रदाय किया गया है। जिसके कारण परिवारिक भरणपोषण में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं उनकी मुख्य मांगों में भी सरकार सिर्फ आश्वासनी झुनझुना थमाकर क्रियान्वयन से दूरी बना रही है। अबकी बार जबतक सरकार हमारी मांगे पूरा नहीं करती प्रदेशा संघ के निर्देशन में अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।
वर्सन:
आज दोपहर से हमने नगर में जलापूर्ति बहाल करवा दी है। हालांकि कर्मचारी इसका विरोध कर रहे हैं। लेकिन यह नगरवासियों की जरूरत है। फिलहाल पानी नगर में आपूर्ति कराई जाती रहेगी।
डीएन मिश्रा, सफाई अधिकारी नगरपालिका अनूपपुर।