
Anuppur News :मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जैतहरी नगर पालिका इलाके के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के बाद बूंदी वितरण के दौरान एक बच्चे के साथ नगर पालिका के कर्मचारी द्वारा अमानवीय व्यवहार करने का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। कर्मचारी द्वारा मासूम से किए गए अमानवीय व्यव्हार का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को कार्य से पृथक कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त को स्टेडियम में विद्यालयों की झांकियों के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र - छात्राओं को सम्मानित करने के बाद नगर पालिका द्वारा बूंदी का वितरण किया गया। बताया जा रहा है कि, बूंदी वितरण से कुछ बच्चे वंचित रह गए थे, जिन्हें नगर पालिका के वाहन में बैठकर बूंदी दी जा रही थी।
इसी दौरान एक बच्चा खुद ही बूंदी उठाने लगा। जिसके बाद वितरण कार्य में लगे कर्मचारी द्वारा बच्चे के बाल पकड़कर खींचते हुए डांट-फटकार लगाई गई। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामले की जानकारी मिलने पर प्रशासन ने जांच के निर्देश दिए। जांच में कर्मचारी को दोषी पाए जाने के बाद नगर पालिका जैतहरी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी नंदलाल सिंह गोड को तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक कर दिया है।
इस मामले को लेकर के मुख्य नगर पालिका अधिकारी जैतहरी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि, प्रशासन के निर्देश पर संबंधित कर्मचारियों को सेवा से पृथक कर दिया गया है। उन्होंने ये भी बताया कि, नगर की परंपरा के अनुसार हर साल ये कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिसके बाद नगर पालिका के द्वारा छात्र - छात्राओं को बंदी वितरण का कार्य भी किया जाता है।