प्रदेश की नर्मदा नदी के तट पर भी कई ऐसे मंदिर हैं, जहां मन्नत पूरी होने पर लोग हाथी की मूर्ति के नीचे से निकलते हैं। लेकिन कई बार कुछ लोग इसमें फंसे भी रह जाते हैं और उनकी हालत खराब हो जाती है।
अनूपपुर। मन मांगी मुराद पाने के लिए लोग न जाने क्या-क्या जतन करते हैं। यही नहीं कई मन्नतें तो ऐसी होती हैं, जिनके लिए लोग किसी भी हद से गुजरने को तैयार हो जाते हैं। कोई जीभ काटकर भगवान को चढ़ा देता है, तो कोई भंडारों का आयोजन करता है। कहीं उल्टे तो कहीं सीधे स्वास्तिक बनाए जाते हैं। प्रदेश की नर्मदा नदी के तट पर भी कई ऐसे मंदिर हैं, जहां मन्नत पूरी होने पर लोग हाथी की मूर्ति के नीचे से निकलते हैं। लेकिन कई बार कुछ लोग इसमें फंसे भी रह जाते हैं और उनकी हालत खराब हो जाती है। घबराहट से बेहाल और पसीनों से बदहाल एक ऐसे ही शख्स का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अमरकंटक मंदिर के इस वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि मूर्ति के नीचे से निकलते समय युवक उसमें फंस गया। जिससे उसके पसीने छूट गए और वह घबरा गया और लोगों से मदद की गुहार लगाता दिख रहा है।
हाथी के बीच में फंसा रह गया युवक
हाथी की मूर्ति के नीचे फंसा यह युवक बेहद घबराया हुआ नजर आ रहा है। जैसे उसकी सांसें अटक गई हों। जानकारी के मुताबिक मन्नत पूरी होने के बाद एक युवक हाथी की मूर्ति के नीचे से निकल रहा था। मूर्ति के नीचे से निकलने के दौरान वह युवक बीच में ही फंस गया। बीच में फंस जाने के बाद उसे निकलने में बड़ी मुश्किल हो रही है। इसके बाद वह अन्य लोगों से मदद की मांग भी कर रहा है।
मदद के लिए आगे आए लोग
हाथी की मूर्ति के नीचे फंसे युवक की मदद के लिए लोग आ जाते हैं। इसके बाद वहां मौजूद लोग उसे सुझाव देते हैं कि कैसे वहां से निकले। शरीर के अलग-अलग हिस्सों को दबाने के लिए लोग नसीहत दे रहे थे। फंसने के बाद युवक बाहर निकलने के लिए तड़प रहा था। लग रहा था कि वह वाकई मुश्किल में फंसा है। घंटों की मशक्कत के बाद युवक मूर्ति के नीचे से निकल पाया है। फंसने के दौरान उसकी सांसें अटक हुई थी।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे वीडियो
आपको बता दें कि अमरकंटक मंदिर में हाथी और घोड़े की मूर्ति है। वर्षों से यह परंपरा चली आ रही है कि मन्नत पूरी होने के बाद लोग इन मूर्तियों के नीचे से पार होते हैं। कई लोग तो आसानी से इन मूर्तियों के नीचे से निकल जाते हैं, लेकिन कई लोग इनमें फंसे रह जाते हैं, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद इ मूर्तियों के नीचे से निकाला जाता है। इस तरह के वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं।