अनूपपुर

पाली के पास दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन से टक्कर से महिला समेत 3 की मौत

Road Accident : नेशनल हाईवे 43 पर फुनगा पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत पाली के समीप अज्ञात वाहन से टक्कर की आशंका, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु की।
2 min read
Road Accident
पाली के पास दर्दनाक सड़क हादसा (फोटो सोर्स: Patrika)

Anuppur News : मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के नेशनल हाईवे 43 पर फुनगा पुलिस चौकी अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत पाली के पास मुख्य मार्ग पर गुरुवार 11 बजे दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। हादसे में मोटर साइकिल सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। राहगीरों के अनुसार, किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटर साइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुल से नीचे जा गिरी।

अस्पताल में उपचार के दौरान दो युवकों ने तोड़ा दम

मोटरसाइकिल में सवार तीनों की पहचान आर्यन केवट (21 वर्ष), पिता रामस्वरूप केवट, पंकज केवट (22 वर्ष), पिता राजेश केवट तथा देववती केवट (56 वर्ष), पति बद्री केवट, निवासी बकेली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि, हादसे में महिला देववती केवट की मौके पर ही मौत हो गई है। वहीं, पंकज केवट ने फुनगा अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया है। गंभीर रूप से घायल आर्यन केवट को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुनगा में प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना

प्रत्यक्षदर्शियों और राहगीरों का कहना है कि, घटना के समय स्थानीय लोगों ने हादसा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल रवाना किया गया। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने अथवा अज्ञात वाहन की टक्कर से दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी

मामले की जानकारी देते हुए फुनगा चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते ने बताया कि, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और क्या इसमें किसी अज्ञात वाहन की भूमिका है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Updated on:
15 Oct 2026 01:59 pm
Published on:
15 Oct 2026 01:59 pm