
अनूपपुर. जिले में मानसून की सक्रियता अब नजर आने लगी है। जहां मंगलवार की शाम आरम्भ हुई रिमझिम बारिश बुधवार ४ जुलाई की दोपहर प्रभावी रूप में जोर शोर से बरसी। गरज और बिजली की कड़क के साथ लगभग एक घंटे तक बारिश होनेे का सिलसिला जारी रहा।
हालांकि घंटेभर की बारिश के उपरांत धूप निकल आई। लेकिन मानसून की झमाझम बारिश की बौछार में शहर पानी पानी हो गया। वहीं तापमान के लुढकने से दिन का मौसम और सुहाना हो गया। मंगलवार से आरम्भ बारिश के कारण अब लोगों का गर्मी और उमस से राहत महससू की जा रही है। बताया जाता है कि यह बारिश अनूपपुर जिला मुख्यालय सहित जैतहरी, पुष्पराजगढ़ के क्षेत्र सहित आसपास के क्षेत्रों में जमकर बरसे हैं। कृषि विभाग का कहना है कि इस प्रकार की बारिश किसानों के लिए लाभकारी साबित होगा। हालांकि अभी नर्सरी में बीज लगे हैं, वहीं मानसून के आगमन के साथ खरीफ फसल लगाने की तैयारी की जा रही है। जिसमें फिलहाल पुष्पराजगढ़ में लगे धान और मक्के जैसी फसल के लिए वरदान साबित होगी।
कृषि विभाग का मानना है कि अभी आसमान में छा रहे काले बादलों व मौसम में बनी नमी से अभी बारिश लगातार होने की सम्भावना जताई है। बुधवार की दोपहर को हुई बारिश के कारण अनूपपुर का अधिकतम तापमान ३१ तथा न्यूनतम तापमान २३ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरे खुले हुए हैं। किसानों के साथ ही कृषि विभाग का भी अनुमान है कि इस वर्ष खरीफ की पिछले वर्षों की तुलना में अत्यधिक होगी। कृषि विशेषज्ञों की मानें तो अगर इसी तरह बीच-बीच में पानी मिलता रहा तो समय पर धान की रोपाई हो जाएगी। इसके अलावा अन्य फसलों की बोनी भी समय पर हो सकेगी। वहीं पुष्पराजगढ़ में कुछ फसलों की बोनी पूरी कर ली गई है। वहीं बारिश होने के कारण लोगों को भी राहत राहत महसूस हो रही है।