अनूपपुर

मौसम ने रोका गेहूं उपार्जन, अब तक सिर्फ 3 किसान ही पहुंचे खरीदी केंद्र

Apr 14, 2025
Feature image

जिले में 15 मार्च से गेहूं के साथ ही अन्य फसलों की खरीदी प्रारंभ हो गई है लेकिन खरीदी केंद्र में 1 महीने बाद भी अभी तक फसल विक्रय के लिए किसान नहीं पहुंच रहे हैं। अब तक सिर्फ तीन किसानों ने ही गेहूं का विक्रय किया है। इसकी वजह मौसम को बताया जा रहा है। अंचल में एक सप्ताह पहले अचानक मौसम में आए बदलाव की वजह से किसानों से गेहूं की कटाई रोक दी थी। वहीं पिछले दो-तीन दिनों से फिर मौसम में बदलाव के कारण कटाई और गहाई का काम प्रभावित है। फसल की खरीदी के लिए जिले भर में छह उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं, जबकि 1590 किसानों ने फसल विक्रय के लिए पंजीयन कराया है। 15 मार्च से 5 मई तक फसल खरीदी की समय सीमा निर्धारित की गई है। फसल खरीदी प्रारंभ हुए लगभग एक महीने का समय बीत चुका है। अभी तक अनूपपुर खरीदी केंद्र में दो किसानों ने 69 क्विंटल गेहूं विक्रय किया है इसीतरह फुनगा खरीदी केंद्र में एक किसान ने 37 क्विंटल गेहूं का विक्रय किया है। जिलेभर में अभी तक कुल 106 क्विंटल फसल की खरीदी की गई है।

कटाई जारी, अगले 15 दिनों में पहुंचेंगे किसान

अनूपपुर जिले में गेहूं की खेती अन्य जिलों के मुकाबले देर से प्रारंभ होती है। देर से कटाई भी होती है। वहीं बीते दिनों मौसम की खराबी के कारण गेहूं की कटाई का कार्य विलंब से प्रारंभ हो पाया। वर्तमान में गेहूं के फसल की कटाई का कार्य जारी है, जो आगामी 15 दिनों तक चलेगा। इसी वजह से अभी किसान अपनी फसल विक्रय के लिए खरीदी केंद्र में नहीं पहुंच रहे हैं। खाद्य विभाग और समिति प्रबंधक भी आगामी 15 दिनों में खरीदी में तेजी आने की संभावना जता रहे हैं।

Updated on:
14 Apr 2025 11:53 am
Published on:
14 Apr 2025 11:53 am