
टिकट दलाली करते युवक गिरफ्तार, दो टिकट के साथ आरोपी पकड़ाया
मुखबिर की सूचना पर सीआईबी आरपीएफ व जवानों ने जैतहरी रेलवे स्टेशन पर की कार्रवाई
अनूपपुर। जैतहरी रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर से गलत तरीके से टिकट कटाकर टिकट की दलाली करने के मामले में आरपीएफ सीआईबी अधिकारी सहित आरपीएफ थाना प्रभारी व जवानों ने शुक्रवार ४ मई की सुबह १०.१५ बजे मुखबिर की सूचना पर जैतहरी निवासी ३७ वर्षीय गणेश देववानी पिता तीरथ प्रसाद देववानी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। जहां आरोपी की जांच पड़ताल में दो अन्य व्यक्तियों के नाम टिकट पाया गया। रेलवे पुलिस अधिकारियों की पूछताछ में खुद युवक ने भी टिकट दलाली की बात स्वीकारी। जिसके उपरांत आरपीएफ की टीम ने आरोपी के खिलाफ धारा १४३ के तहत मामला दर्ज कर जबलपुर न्यायलय के लिए भेज दिया। आरपीएफ थाना प्रभारी अनूपपुर ओमप्रकाश यादव के अनुसार पिछले कुछ दिनों से जैतहरी रेलवे टिकट कांउटर से एक युवक द्वारा टिकट दलाली की सूचना मिल रही थी। जिसपर शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर सुबह १०.१५ आरपीएफ की टीम ने जैतहरी रेलवे स्टेशन पर छापामार कार्रवाई की। जहां काउंटर के बगल में ही गणेश देववानी को टिकट के साथ पकड़ा गया।
-------------
दो बाइकों की आपसी भिंडत में चार लोग घायल, एक के घर बहन की शादी तो दूसरा बारात के लिए कर रहा था सफर
अनूपपुर। भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के कदमटोला गांव में गुरूवार ३ मई की रात ८ बजे के आसपास दो बाइकों की आपसी भिंडत में दोनों बाइक पर सवार चार लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस १०८ के माध्यम से उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जाता है कि २७ वर्षीय गणेश वर्मन पिता बाबूलाल वर्मन गांव के ३५ वर्षीय अर्जुन कोल पिता नत्थू कोल के साथ अपनी बहन की शादी के सामानों की खरीद में कदमटोला गांव से भालूमाड़ा बाजार आया हुआ था। जहां सामान खरीदी के उपरांत गांव वापसी कर रहा था। वहीं सामने से बाइक पर सवार तेज रफ्तार में आ रहे ३० वर्षीय भुवनेश्वर सिंह पिता सुदर्शन सिंह निवासी झिरोखा तथा ३० वर्षीय जीवन सिंह गोंड निवासी बैरिझा ने सामने से ठोकर मार दी। जिसमें दोनों बाइकों पर सवार सभी चोरों गम्भीर रूप से घायल हो गए। भुवनेश्वर के कानों से खून की धार चल पड़ी। वहीं गणेश वर्मन के सीने सहित शरीर के अन्य हिस्से गम्भीर चोंट से जख्मी हो गए। वहीं दोनों अन्य पीछे बैठे सवार अबतक बेहोशी की हालत में उपचाररत हैं। बताया जाता है कि भुवनेश्वर सिंह तथा जीवन सिंह भी देवरी गांव से छिरमिरी गांव अपने किसी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने बारात के रूप में जा रहे थे।