
Ashoknagar crime News: खामोश रात उस वक्त पुलिस के सायरन और दहशत में तब्दील हो गई, जब ईसागढ़ रोड के सन्नाटे को चीरती हुई मौत की एक खौफनाक दास्तान सामने आई। सड़क किनारे लावारिस खड़ी एक जीप, अगली सीट पर पड़े दो खून से लथपथ शव और पैरों के पास पड़ी एक पिस्टल… यह रूह कंपा देने वाला नजारा महाना गांव के पास का है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
मरने वालों की शिनाख्त एमपी के अशोकनगर शहर निवासी 26 वर्षीय रितिक सोनी और 24 वर्षीय मुस्कान जैन के रूप में हुई है। पुलिस इसे प्रथम दृष्टया गोली लगने से हुई मौत मान रही है, लेकिन यह कत्ल है, आत्महत्या है या फिर किसी गहरी साजिश का नतीजा ? यह सवाल अभी एक अनसुलझी पहेली बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, अशोकनगर निवासी रितिक और मुस्कान देर शाम अपने-अपने घरों से निकले थे। जब रात गहराने लगी और दोनों का कुछ अता-पता नहीं चला, तो परिवारों में बेचैनी बढ़ने लगी। अनहोनी की आशंका के चलते परिजन तुरंत कोतवाली थाने पहुंचे और शिकायत की तो पुलिस ने दोनों के मोबाइल नंबरों की लोकेशन ट्रेस की। तकनीकी जांच में टावर लोकेशन ईसागढ़ रोड की तरफ मिली।
लोकेशन को ट्रेस करते हुए जब पुलिस की टीम बुधवार-गुरुवार रात करीब 3 बजे अंधेरे में महाना गांव के करीब पहुंची, तो सड़क किनारे एक जीप खड़ी नजर आई। जीप के करीब जाकर जब पुलिस ने टॉर्च की रोशनी अंदर डाली, तो सबके होश उड़ गए। जीप की आगे की सीट पर रितिक और मुस्कान के शव पड़े थे। पूरा केबिन खून से सना हुआ था। प्रारंभिक तफ्तीश में ऐसा लग रहा है कि रितिक के सिर को निशाना बनाकर गोली मारी गई है, जबकि मुस्कान के शरीर पर भी गहरे और गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस को कार के अंदर से ही एक पिस्टल भी बरामद हुई है, जो इस पूरी घटना की सबसे अहम कड़ी मानी जा रही है।
घटनास्थल को सील कर दिया गया है और एफएसएल की टीम सुराग जुटा रही है। देहात थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया है। दोनों के शवों को जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखवा दिया गया है, जहां सुबह उनका पोस्टमार्टम होगा। थाना प्रभारी के मुताबिक, अभी कुछ भी पुख्ता तौर पर कहना जल्दबाजी होगी। हमारी जांच हर एंगल से चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बैलिस्टिक जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि गोली किसने और क्यों चलाई।
एक साथ युवक-युवती के शव इस रहस्यमयी हालत में मिलने के बाद जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। क्या यह कोई प्रेम प्रसंग का मामला था जिसका खौफनाक अंत हुआ ? क्या किसी ने इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम देकर पिस्टल कार में फेंक दी ? पुलिस अब दोनों के कॉल डिटेल्स और उनकी आखिरी मुलाकातों का कच्चा चिट्ठा खंगालने में जुट गई है। बहरहाल, इस खूनी रात ने दो परिवारों को ताउम्र का दर्द दे दिया है और पुलिस के सामने एक ऐसा ब्लाइंड केस लाकर खड़ा कर दिया है, जिसके तार कई गहरे राज खोल सकते हैं।