
Murder case: एमपी में अशोकनगर जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पुरा मथाना गांव में रास्ते को लेकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हत्या के बाद पीड़ित परिवार को धमकाकर इलाके में दहशत का माहौल बना रहे मुख्य आरोपी 52 वर्षीय शैतान सिंह गुर्जर पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर ग्वालियर सेंट्रल जेल भेज दिया है।
घटना तीन दिन पहले, 27 जून की है। ग्राम पुरा मथाना में खेत पर जाने के रास्ते को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। यह विवाद इतना बढ़ा कि शैतान सिंह गुर्जर और उसके परिजनों ने मिलकर बृजेश गुर्जर की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक के भाई वीरन की शिकायत पर बहादुरपुर थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया था।
हत्या जैसी संगीन वारदात के बाद एसपी राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश बहादुरपुर थाना प्रभारी नीलम सिंह यादव की टीम ने अलग-अलग स्थानों से महज आठ घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रामक्रेश गुर्जर, जितेन्द्र गुर्जर, राजकुमार गुर्जर और लक्ष्मण उर्फ गोटीराम गुर्जर शामिल थे।
चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी मुख्य आरोपी शैतान सिंह गुर्जर पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। फरारी काटने के दौरान वह पीड़ित पक्ष को लगातार धमकियां दे रहा था, जिससे इलाके मे खौफ का वातावरण बन गया था। इस पर एसपी ने कलेक्टर साकेत मालवीय को आरोपी के खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई का प्रतिवेदन भेजा। कलेक्टर ने आदेश जारी किया तो पुलिस ने आरोपी शैतान सिंह पर एनएसए के तहत कार्रवाई की हक़ और गिरफ्तार कर शैतानसिंह को सीधे केंद्रीय जेल ग्वालियर के लिए रवाना कर दिया।
जिले में कानून-व्यवस्था भंग करने, गंभीर अपराध करने और आम जनता में खौफ का वातावरण बनाने वाले अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ ऐसी ही कठोर वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। आमजन की सुरक्षा और शांति अशोकनगर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।- राजीवकुमार मिश्रा, एसपी अशोकनगर
वहीं जिले के पिपरई थाना क्षेत्र के बिजलीपुर गांव में कुत्ते को लेकर दो परिवारों में खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि बात गाली-गलौज से शुरू होकर लाठी-डंडों तक जा पहुंची। घटना में दोनों पक्षों की महिलाओं सहित कई लोग घायल हो गए। घटना रात करीब 8 बजे की है। विवाद की जड़ एक कुत्ता था, जिस पर बछड़े और बकरियों पर हमला करने का आरोप है। इसी बात को लेकर दोनों परिवार आमने-सामने आ गए। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।