
Ashokanagr Theft Money Returned: आमतौर पर जब घर में चोरी हो जाए, तो लोग यही मानकर बैठ जाते हैं कि अब गई रकम का वापस आना नामुमकिन है। लेकिन मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले के बहादुरपुर में एक ऐसी अनोखी चोरी का मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। यहां एक चोर ने पहले तो किसान की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ किया, लेकिन जब पुलिस ने अपनी जांच की आंच तेज की, तो पुलिस के खौफ से चोर घबरा गया और दो दिन बाद ही चोरी किए गए रुपयों को वापस उसी घर की किचन में फेंक गया।
मामला जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के मढ़ी गांव का है, जहां इस घटना के बाद से आश्चर्य का माहौल है। मढ़ी गांव निवासी किसान गोपाल सिंह यादव के घर पर खेती की उपज से आए करीब 2 लाख रुपए नकद रखे हुए थे। इनमें से 25 हजार रुपए उन्होंने अपने काम में खर्च कर लिए थे, जबकि बाकी बचे 1.75 लाख रुपए उन्होंने खरीफ सीजन की खेती के लिए सहेज कर रखे थे। तीन दिन पहले रात में कोई चोर घर में घुसा और यह रुपए चुरा ले गया।
पीड़ित किसान गोपाल सिंह ने घर से पैसे चोरी होने की शिकायत बहादुरपुर थाने पहुंचकर दर्ज कराई। इसके बाद बहादुरपुर पुलिस ने जो सूझबूझ दिखाई, वह चर्चा में है। पुलिस ने तुरंत गांव पहुंचकर न सिर्फ परिजनों से बल्कि आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ शुरू कर दी। साथ ही गांव में पुलिस ने यह मनोवैज्ञानिक दबाव बनाना शुरू कर किया कि सुराग मिले हैं और पुलिस जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर लेगी। पुलिस संदेहास्पद लोगों की तलाश और उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए है।
पुलिस के इस माइंड गेम और खौफ का ऐसा असर हुआ कि चोर घबरा गया। उसे लगने लगा कि अब बचना मुश्किल है। वो शुक्रवार-शनिवार की रात दबे पांव वापस किसान के उसी घर पहुंचा और किचन में 1.74 लाख रुपए फेंककर गायब हो गया। सुबह जब परिवार के लोगों ने किचन में अपनी चोरी हुई रकम ज्यों की त्यों पड़ी देखी, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
नीलम सिंह यादव, थाना प्रभारी, बहादुरपुर ने बताया कि गोपाल सिंह यादव ने घर से नकदी चोरी होने की शिकायत की थी, जिससे गांव में जांच की। परिजनों के साथ ग्रामीणों से भी चर्चा की और संदेहास्पद लोगों को चिन्हित करना शुरू किया, लेकिन रात में चोर उसी घर में 1.74 लाख रुपए किचिन में फेंक आया है, जो परिजनों को मिल गए हैं।