
Ashoknagar News : देश की सियासत इन दिनों युवाओं के इर्द-गिर्द घूम रही है। एक तरफ सीजेपी के बैनर तले युवा सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं तो वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के जरिए प्रदेश के युवाओं से संवाद कर चुके हैं। युवाओं के इसी सियासी महत्व को देखते हुए अब केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के संसदीय क्षेत्र में बड़ा आयोजन होने जा रहा है, जिसमें केंद्रीय मंत्री सिंधिया सीधे युवाओं से रूबरू होने जा रहे हैं। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में 17 अक्टूबर को 'युवा अनप्लग्ड' का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें राजनीति, संवाद और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
इस युवा अनप्लग्ड कार्यक्रम के आयोजन के प्रभारी तिषिर ठाकुर हैं और आयोजकों में भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभयप्रताप सिंह और युवा मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष तुषार खेर भी शामिल हैं। मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में, जब हर दल की नजर यूथ वोट बैंक पर है, सिंधिया के गढ़ में हो रहा यह अनप्लग्ड संवाद प्रदेश की राजनीति में एक नया ट्रेंड सेट कर सकता है।
ये कोई आम राजनीतिक सभा नहीं होगी, बल्कि इसे पूरी तरह से यूथ सेंट्रिक और हाईटेक बनाया गया है। शहर के एक निजी गार्डन में 17 अक्टूबर को शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम के लिए एक खास ओपन मंच और बड़ा रैंप तैयार किया जा रहा है। इसी रैंप से होकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सीधे छात्रों और युवाओं के बीच पहुंचेंगे। वे मंच से भाषण देने के बजाय रैंप पर घूमते हुए युवाओं के बीच जाकर उनसे सीधा संवाद करेंगे।
युवाओं को आकर्षित करने के लिए इस आयोजन में एक खास म्यूजिकल कॉन्सर्ट भी रखा गया है। इसके लिए बाहर से विशेष म्यूजिकल बैंड बुलाया जा रहा है जो पारंपरिक गानों को आधुनिक धुनों (फ्यूजन) में पिरोकर अपनी प्रस्तुति देगा। शानदार लाइटिंग और म्यूजिक के बीच जब केंद्रीय मंत्री युवाओं से मुखातिब होंगे, तो इसका अंदाज बिल्कुल जुदा होगा।
आयोजन को लेकर आयोजकों ने पूरी ताकत झोंक दी है। आयोजकों के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक तिवारी और पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी ने प्रेसवार्ता कर इस आयोजन की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को लेकर युवाओं में भारी उत्साह है और महज 24 घंटे के भीतर ही करीब 900 युवाओं ने अपना रजिस्ट्रेशन करा लिया है। रजिस्ट्रेशन की यह प्रक्रिया कार्यक्रम शुरू होने तक अनवरत जारी रहेगी।