
इस्लामाबाद। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के रिश्तों में धीरे-धीरे दूरियां बढ़ती चली जा रही है। पाकिस्तानी आतंक के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे अफगानिस्तान सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ एक बड़ा फैसला लिया है। अफगानिस्तान के इस फैसले से आर्थिक कंगाली के दौर से गुजर रहे पाकिस्तान की हालात और भी खराब हो सकती है।
दरअसल, अफगानिस्तान सरकार ने पाकिस्तानी ट्रांसपोर्टरों के लिए दोनों देशों के बीच तोरखम सीमा पार करने के लिए अन्य प्रासंगिक यात्रा दस्तावेजों के साथ वीजा अनिवार्य कर दिया है। मीडिया ने गुरुवार को इस बात की जानकारी दी।
डॉन न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी ट्रांसपोर्टर्स के बीच बुधवार को इस आशय के पर्चे बांटे गए। अफगान बॉर्डर पुलिस ने उन सभी को चेताते हुए कहा कि बिना मान्य वीजा, ड्राइविंग लाइसेंस, रोड पास और वास्तविक नंबर प्लेट वाले वाहनों को अफगानिस्तान में प्रवेश करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
इसमें कहा गया है कि अफगानिस्तान में व्यापार के लिए आने वाले सभी ट्रांसपोर्टर्स सभी जरूरी दस्तावेजों को सितंबर माह के अंत तक पूरा कर लें, इसके बाद उन्हें अफगानिस्तान में घुसने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ट्रांसपोर्टर्स यूनियन ने जताया विरोध
अफगानिस्तानी सरकार के नए प्रतिबंधों पर ट्रांसपोर्टर्स यूनियन ने नाराजगी जताई है। स्थानीय ट्रांसपोर्टर्स यूनियन के प्रमुख इसरार शिनावारी ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नई शर्ते उन्हें मंजूर नहीं हैं और इससे अफगानिस्तान के साथ व्यापर करने में नुकसान होगा।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के अधिकारियों को चर्चा करनी चाहिए और ट्रांसपोर्टरों को विश्वास में लेते हुए मामले को सुलझाना चाहिए।
बता दें कि इससे पहले भी अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के खिलाफ कई तरह के कदम उठाए हैं। पाकिस्तान अफगानिस्तान के अंदर अव्यवस्था फैलाने के लिए आतंकी गतिविधियों को अंजाम देता रहा है। साथ ही तालिबानी आतंकियों को भी समर्थन करता रहा है।
Read the Latest World News on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले World News in Hindi पत्रिका डॉट कॉम पर. विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर.