एशिया

अफगानिस्तान: हवाई हमले में 15 तालिबानी आतंकी ढेर

अफगानिस्तान में अमरीकी सेना और तालिबानी आतंकियों के बीच संघर्ष जारी है। अफगानिस्तान में शांति बहाली को लेकर अमरीका और तालिबान के बीच बातचीत चल रही है। तालिबान अफगान सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है।

2 min read
May 19, 2019
अफगानिस्तान हमला
अफगानिस्तान: हवाई हमले में 15 तालिबानी आतंकी ढेर

काबुल।अफगानिस्तान ( Afghanistan ) में तालिबानी आतंकियों के खिलाफ अमरीकी और नाटो सेना की कार्रवाई जारी है। शनिवार को अफगानिस्तान के हेलमंड प्रांत में वायु सेना की कार्रवाई में 15 तालिबानी आतंकी ढेर हो गए। रविवार को अफगान सरकार ने एक बयान में जानकारी देते हुए बताया कि हवाई हमलों में आतंकवादी संगठन-तालिबान के 15 सदस्य मारे गए।

तालिबान ने दी प्रतिक्रिया

समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने प्रेसिडेंशियल इंफॉर्मेशन कोऑर्डिनेशन सेंटर के हवाले से बताया है कि सांगिन, नाद अली मुसा किला जिलों में हुए हवाई हमलों में 15 तालिबान आतंकवादी मारे गए। सरकारी बयान में यह नहीं बताया गया है कि यह हमला अफगान एअर फोर्स ने किया था या फिर इसके पीछे नाटो के नेतृत्व वाली संयुक्त सेना का हाथ है। हेलमंड प्रांत अफीम की खेती के लिए कुख्यात है और इस पूरे इलाके पर तालिबान का कब्जा है। अपने लोगों के मारे जाने की इस खबर पर तालिबान ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

सेना और तालिबान के बीच संघर्ष

बता दें कि अफगानिस्तान में तालिबान ( Taliban ) और सरकार के बीच संघर्ष जारी है। सुरक्षा बलों ने तालिबानी आतंकियों के खिलाफ अभियान चलाया है। गौरतलब है कि हाल ही में आफगानिस्तान की प्रांतीय राजधानी जलालाबाद में भी 13 मई 2019 (सोमवार) को धमाके हुए थे। इस विस्फोट में तीन की मौत और 20 लोग घायल हुए। इन हमलों की भी किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है। बता दें कि इससे पहले भी कई बार अफगानिस्तान में इस तरह का धमाका हुआ है। चुनावी रैली में महिला उम्मीदवार को समर्थको को निशाना बनाकर विस्फोट किया गया, जिसमें कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई थी। यह मोटरसाइकिल में बम लगाकर विस्फोट किया गया था।

Read the Latest World News on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले World News in Hindi पत्रिका डॉट कॉम पर. विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर.

Published on:
19 May 2019 07:07 pm