अफगान नेशनल आर्मी (ANA) अलिसिंग जिले में तालिबान के ठिकाने पर किया हवाई हमला हवाई हमले में जैन-अल अबिदीन सहित कुल 21 तालिबान लड़ाके मारे गए
काबुल।अफगानिस्तान ( Afghanistan ) में तालिबान ( Taliban ) और सरकार समर्थित सुरक्षाबलों के बीच संघर्ष का दौर जारी है। हालांकि तालिबानी आतंकियों के खिलाफ सेना लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में अफगानिस्तान के लघमान प्रांत में अफगान एयर फोर्स ने एयरस्ट्राइक ( air strike ) कर 21 तालिबान आतंकवादियों को मार गिराया है।
रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा कि अलिसिंग जिले में अफगान नेशनल आर्मी ( ANA ) द्वारा किए गए हवाई हमले में जैन-अल अबिदीन सहित कुल 21 तालिबान लड़ाके मारे गए।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, इस हवाई हमले में पांच तालिबान आतंकी घायल भी हुए हैं। बयान में आगे कहा गया कि लघमान और पड़ोसी नांगरहार प्रांत में कई आतंकी हमलों का जिम्मेदार जैन-अल अबिदीन एक कुख्यात आतंकवादी था। फिलहाल इस हमले को लेकर अभी तक तालिबान की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
तालिबान और अमरीका के बीच वार्ता
आपको बता दें कि अमरीका और तालिबान के बीच अफगान शांति को लेकर फिर से वार्ता शुरू हुई है। इससे पहले अमरीका ने तालिबान के साथ बातचीत बंद कर दी थी।
इस बीच अफगानिस्तान में तालिबान ने हाल के दिनों में कई हमलों को अंजाम दिया है। इसी महीने में गजनी प्रांत में तालिबान से प्रभावित सात बागी जवानों ने काराबाग जिले के लिवानाई बाजार स्थित चेकप्वाइंट पर अपने ही साथियों पर हमला किया था। इस हमले में 23 सुरक्षाबलों की मौत हो गई थी।
रिपोर्ट में बताया गया था कि ये बागी जवान अपने हथियारों के साथ मौके से फरार हो गए। इस बीच हमले की जिम्मेदारी लेते हुए तालिबान की ओर से बात करने का दावा करने वाले जबीहुल्लाह मजाहिद ने घटना की पुष्टि की थी।
Read the Latest World News on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले World News in Hindi पत्रिका डॉट कॉम पर. विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर.