अमरीका और नाटो सुरक्षा बलों ने तालिबान के अड्डों पर गिराए बम। तालिबानी आतंकी अवैध ड्रग्स का कारोबार करते थे। अवैध ड्रग्स के कारोबार से हर दिन तालिबान को 10 लाख डॉलर की कमाई होती थी।
काबुल।अफगानिस्तान ( Afganistan ) में आतंकी संगठन तालिबान ( Taliban ) और सुरक्षा बलों के बीच संघर्ष का दौर जारी है। हाल के दिनों में सुरक्षा बलों ने कार्रवाई करते हुए कई तालिबानी आतंकियों को ढेर किया है। अब अफगानिस्तान आंतरिक मंत्रालय ने एक बयान जारी करते हुए बताया है कि पश्चिमी अफगानिस्तान में अमरीकी हवाई हमले में कम से कम 150 तालिबानी आतंकी मारे गए हैं, जबकि इस हमले में 30 आम नागरिकों की भी मौत हुई है। मंत्रालय ने बताया है कि आतंकी संगठन ( terrorist organisation ) के अवैध ड्रग के कारोबार को ध्वस्त करने के लिए अमरीका ने इस हमले को अंजाम दिया जिसमें 150 संदिग्ध आतंकी मारे गए हैं।
अमरीकी सेना का कार्रवाई पर बयान देने से इनकार
बता दें कि अफगानिस्तान में अमरीका ( America ) की ओर से किए गए कार्रवाई को लेकर अमरीकी सेना व नाटो ( NATO ) ने कोई भी बयान देने से इनकार कर दिया है। अफगान मंत्रालय की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि तालिबानी आतंकी संगठन फराह प्रांत के बाकवा जिले में ड्रग्स की अवैध प्रयोगशाला चलाते थे, जहां पर दर्जनों बम गिराए गए हैं। इस हमले में 68 ड्रग्स लैब को ध्वस्त कर दिया गया और 150 आतंकी मारे गए। मंत्रालय के बयान में आगे यह भी कहा गया है कि तालिबान को अवैध ड्रग्स के कारोबार से हर दिन 10 लाख डॉलर की कमाई होती थी। बाकवा के गर्वनर अब्दुल गफूर मुजाहिद ने कहा कि यद्यपि सभी हमले लक्ष्य पर किए गए, लेकिन तालिबान के अलावा 30 नागरिकों की भी मौत हो गई। इनमें एक ही परिवार के छह लोग शामिल हैं, जिनका घर ड्रग लैब के नजदीक था। बता दें कि इससे एक दिन पहले सुरक्षा बलों ने कार्रवाई करते हुए 52 तालिबानी आतंकियों को मार गिराया था।
Read the Latest World News on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले World News in Hindi पत्रिका डॉट कॉम पर. विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर.