काबुल।अफगानिस्तान ( Afganistan ) में तालिबान ( Taliban ) और सुरक्षाबलों के बीच लगातार संघर्ष जारी है। इसी क्रम में सुरक्षा बलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। अफगानिस्तान की सेना ने गजनी प्रांत में कम से कम 52 तालिबानी आतंकियों को ढेर कर दिया है। इनमें से दो प्रमुख कमांडर भी शामिल हैं। समाचार एजेंसी सिन्हुए के मुताबिक, रक्षा मंत्रालय ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार की सुबह अफगान राष्ट्रीय सेना ने तीन अलग-अलग कमांडो ऑपरेशन और हवाई हमला करते हुए 52 तालिबानी आतंकियों को मार गिराया। आगे यह भी बताया है कि इनमें से दो प्रमुख कमांडर है जिनकी पहचान अबु खालिद और कमांदन सरहदी के रूप में हुई है। अभी भी राजधानी काबुल से 125 किलोमीटर दक्षिण में तालिबान और सेना के बीच संघर्ष जारी है। फिलहाल सेना के दावों के बाद भी तालिबान ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।