HIGHLIGHTS जुलाई में BLA ने ऐसे 7 बड़े हमलों को अंजाम दिया, जिसमें 37 पाकिस्तानी जवान ( Pakistan Army ) मारे गए। पाकिस्तान नेशनल इनिशिएटिव अगेंस्ट आर्गनाइज्ड क्राइम ( Pakistan National Initiative Against Organised Crime ) ने एक रिपोर्ट जारी की है।
इस्लामाबाद। बलूचिस्तान ( Balochistan ) में पाकिस्तान आर्मी ( Pakistan Army ) की बढ़ती बर्बरता के खिलाफ बलूच लिबरेशन आर्मी ( Baloch Liberation Army ) ने एक्शन लेना शुरू कर दिया है। बलूच लिबरेशन आर्मी ने जून में कराची स्टॉक एक्सचेंज ( Karachi Stock Exchange ) में हमला कर यह साफ संदेश दे दिया था कि अब वह पाकिस्तान आर्मी की बर्बरता को बर्दाश्त नहीं करेगा।
इतना ही नहीं BLA ने पाकिस्तान में कई हमलों को अंजाम देकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं। जुलाई में BLA ने ऐसे 7 बड़े हमलों को अंजाम दिया, जिसमें 37 पाकिस्तानी जवान मारे गए। पाकिस्तान नेशनल इनिशिएटिव अगेंस्ट आर्गनाइज्ड क्राइम ( Pak National Initiative Against Organised Crime ) ने एक रिपोर्ट जारी की है।
इस रिपोर्ट में बताया गया है कि BLA के हमले अब बलोचिस्तान तक सीमित नहीं है। कराची स्टॉक एक्सचेंज पर BLA के मजीद ब्रिगेड ( Majeed Brigade ) ने हमले को अंजाम दिया था। इस हमले में 4 आतंकियों के अलावा 3 सिक्योरिटी गार्ड और एक पुलिस अफसर की मौत हुई थी।
BLA ने जुलाई में कई हमलों को अंजाम दिया, इसमें ऐसे 7 बड़े हमले शामिल हैं, जिसमें 37 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जबकि दर्जनों घायल हुए। इसके अलावा इन हमलों में 7 मिलिट्री गाड़ियां तबाह हुई और 3 गनमैन मारे गए।
ये हैं जुलाई में हुए सात बड़े हमले
12 जुलाई:- BLA ने पाकिस्तान के केच जिले में पाकिस्तान मिलिट्री चेक-पोस्ट ( Pakistan Military Check-Post ) को स्नाइपर गन से निशाना बनाया था। इस हमले में एक जवान मारा गया था। इसके बाद सेना के कैंप पर राकेट हमला किया। BLA ने यह हमला ऑटोमेटिक हथियारों से किया था। इसमें कई जवान घायल हुए थे।
14 जुलाई:- पंजगुर के 'मोक-ए-कंदाग' इलाके में BLA ने पाक सेना के काफिले पर रॉकेट लांचर और ऑटोमेटिक हथियारों से हमला किया। इस हमले में पाकिस्तान अफसर समेत 20 जवान मारे गए थे।
19 जुलाई:- अवरान जिला के कोलवाह इलाके में BLA के लड़ाकों ने स्नाइपर हमला किया था। इस हमले में 1 जवान मारा गया था।
25 जुलाई:- BLA ने पाकिस्तान सेना के काफिले पर हमला किया। BLA लड़ाकों ने केच जिले में 2 मिलिट्री गाड़ियों को ऑटोमेटिक हथियारों से निशाना बनाया था। इस हमले में 6 जवान मारे गए थे, जबकि 2 घायल हुए थे।
30 जुलाई:- मस्तंग जिले में सुल्तान चौक पर BLA लड़ाकों ने पाकिस्तान सेना के चेक-पोस्ट पर ग्रेनेड हमला किया था। इस हमले में 2 जवान मारे गए थे, जबकि कुछ जवान घायल हुए थे। इसी दिन अवरान जिले में मंगली इलाके में एक चेक पोस्ट पर स्नाइपर गन और ऑटोमेटिक हथियारों से हमला किया था। इसमें 3 जवानों की मौत हुई थी, जबकि एक जवान घायल हुआ था।
BLA के लड़ाकों ने 30 जुलाई को ही एक और बड़े हमले को अवरान जिले ( Avran District ) के नोंदरा इलाके में अंजाम दिया था। BLA ने पेट्रोलिंग कर रहे पाकिस्तानी सेना की टीम पर ऑटोमेटिक हथियारों से हमला था। BLA के लड़ाकों ने दराज कौर नदी की तरफ बढ़ रहे करीब 10 जवानों पर हमला किया था। इस हमले में 4 जवान मारे गए थे, जबकि 2 अन्य घायल हो गए थे।
आपको बता दें कि इससे पहले पांच जुलाई को पाकिस्तानी सेना और BLA के लड़ाकों के बीच मुठभेड़ हुआ था। इसमें 3 BLA जवान मारे गए थे। इसके बाद से BLA ने बड़े हमले को अंजाम देने की बात कही थी।