
इस्लामाबाद। फेसबुक ने पाकिस्तान में 25 जुलाई को होने वाले आम चुनाव से पहले सुरक्षा बढ़ा दी है। पाकिस्तानी मीडिया की रविवार की खबर के अनुसार फेसबुक ने सुरक्षा के कई कदम उठाए हैं। कंपनी के प्रवक्ता सरीम अजीज ने पाकिस्तानी अखबार को शनिवार को बताया कि सोशल मीडिया के क्षेत्र की अग्रणी कंपनी ने इस क्षेत्र में सुरक्षा पर कार्य करने वालों की संख्या बढ़ा दी है और मंच का दुरुपयोग रोकने के लिए समर्पित टीम लगाई गई है। साथ ही, पाकिस्तान के चुनाव आयोग के अधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है, ताकि चुनाव में पारदर्शिता लाई जा सके। इससे पहले अप्रैल में फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने पाकिस्तान समेत विभिन्न देशों में चुनाव से पहले सुरक्षा और पादर्शिता बढ़ाने की घोषणा की थी।
फेसबुक से हुई थी चूक
इससे पहले जून में फेसबुक ने एक बार फिर निजता में दखल की गड़बड़ी की बात स्वीकार करते हुए कहा था कि मई में एक बग (सॉफ्टवेयर संबंधी त्रुटि) के कारण 1.4 करोड़ यूजर प्रभावित हो गए थे। फेसबुक की इस भूल के कारण उसके यूजर के पोस्ट को फेसबुक पर लॉग ऑन हुए बिना भी हर कोई देख सकता था।
ये भी पढ़ेंः अब Facebook और Twitter से भी भेज सकेंगे पैसे, हुई इस नए फीचर की शुरुआत
पांच करोड़ डाटा हुआ था लीक
अभी कुछ महीने पहले फेसबुक पर करीब पांच करोड़ यूजर्स की जानकारियां लीक होने की बात सामने आई थी। ऐसा आरोप है कि फेसबुक पर करीब पांच करोड़ यूजर्स की गोपनीय जानकारियां लीक की गई हैं। जिसका फायदा विश्व के कुछ राजनीतिक दलों को हुआ है। डाटा लीक मामला उजागर होने के बाद भारत, अमरीका और यूरोप के कई देशों ने भी इस मामले में जांच बैठाई थी। फेसबुक इन सभी को देखते हुए पाकिस्तान में अभी से ही सर्तक हो गया है, जिससे की चुनाव में पादर्शिता लायी जा सके।