एशिया

इमरान खान का पाकिस्तान का नया प्रधानमंत्री बनना तय, पीटीआई आज करेगी औपचारिक ऐलान

क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान को आज पीटीआई संसदीय दल का नेता चुनेगी।
2 min read
• •
Updated: 6 Aug 2018, 8:21 AM IST
Imran Khan
इमरान खान का पाकिस्तान का नया प्रधानमंत्री बनना तय, पीटीआई आज करेगी औपचारिक ऐलान

इस्लामाबादः आम चुनाव में सबसे ज्यादा सीटें जीतने वाली तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी (पीटीआई) पाकिस्तान में सरकार बनाने जा रही है। पार्टी प्रमुख इमरान खान को आज औपचारिक रूप से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया जाएगा। इस्लामाबाद के एक होटल में आज पीटीआई संसदीय दल की बैठक होने जा रही है। इस बैठक में नवनिर्वाचित सांसद इमरान खान को संसदीय दल का नेता चुनेंगे। पीटीआई ने इस बैठक में सभी सांसदों को मौजूद रहने को कहा है। पार्टी प्रवक्ता फवाद चौधरी ने कहा कि देश के कुछ निर्दलीय सांसद और छोटी पार्टियां उन्हें समर्थन दे रही हैं। चौधरी ने दावा किया कि सदन में उनकी पार्टी बहुमत साबित कर देगी।

बैठक में कई मामलों पर हो सकती है चर्चा
पीटीआई प्रवक्ता फवाद चौधरी ने कहा कि संसदीय दल की बैठक में स्पीकर के चुनाव पर भी मंथन होगा। इसके अलावा पार्टी विपक्ष से कैसे निपटेगी उस पर भी विचार विमर्श होगा। बता दें कि पाकिस्तान में नई सरकार के शपथ ग्रहण से पहले सदन में स्पीकर का चुनाव होता है फिर उसके बाद बहुमत परीक्षण होगा। जो पार्टी सदन में बहुमत साबित कर देती है वही पार्टी सरकार बनाती है।

इमरान के खिलाफ विपक्ष एकजुट
इमरान खान को प्रधानमंत्री बनने से रोकने के लिए पाकिस्तान की विपक्षी पार्टियां एकजुट हो गई हैं। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी को सत्ता से दूर रखने के लिए पाकिस्तान की दो पुरानी धुर विरोधी पार्टियों ने हाथ मिलाया है। नवाज शरीफ की पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) और बिलावल अली भुट्टो की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) समेत आठ दल संयुक्त रूप से इमरान खान के खिलाफ प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार खड़ा करेंगे। नवाज शरीफ की पार्टी का दावा है कि उसे कुछ निर्दलीय सांसदों का भी समर्थन प्राप्त है। बता दें कि पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में कुल 342 सांसद होते हैं। इनमें 272 का निर्वाचन प्रत्यक्ष रूप से आम चुनाव के जरिये होता है। सरकार बनाने के लिए किसी पार्टी को 172 सांसदों की जरूरत होती है।

Published on: