
कराची। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत के चमन इलाके में मौजूद एक मस्जिद में बुधवार को जोरदार धमाका हुआ,जिसमें एक इमाम समेत कम से कम सात लोग जख्मी हो गए। चमन में ताज रोड स्थित एक मस्जिद में शाम की नमाज़ के वक्त यह विस्फोट हुआ। चमन इलाके की सरहद अफगानिस्तान से लगती है। इस इलाके को काफी आशांत माना जाता है। यहां पर आए दिन आतंकी वारदातें होती रहती है। इस घटना को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि इसमें किसी आतंकी संगठन का हाथ हो सकता है।
आपात स्थिति घोषित
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विस्फोट में मस्जिद के इमाम समेत कम से कम सात लोग जख्मी हुए हैं। इस धमाके से पूरा इलाका दहल उठा। घायलों को करीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां आपात स्थिति घोषित की गई है। ट्विटर पर साझा किए गए एक वीडियो में विस्फोट के बाद मस्जिद को हुआ नुकसान दिखाया गया है। अधिकारियों ने घटनास्थल की घेराबंदी कर दी है। अबतक किसी भी समूह ने विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है। सुरक्षा बलों ने बुधवार को ईद मिलाद-उन नबी के मौके पर किसी भी त्रासदी को टालने के लिए समूचे देश में सुरक्षा कड़ी की थी।