
भ्रष्टाचार के खिलाफ मिलकर लड़ेंगे मलेशिया और पाकिस्तान, पर्यटन में बढ़ाएंगे सहयोग
पुत्रजयाः मलेशिया के प्रधानमंत्री महाथिर मोहम्मद ने बुधवार को यहां अपने पाकिस्तानी समकक्ष इमरान खान से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय मामलों में सहयोग को बढ़ाने का संकल्प लिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में दोनों नेताओं ने कहा कि उन्होंने पारस्परिक हितों विशेष रूप से भ्रष्टाचार से लड़ने और पर्यटन जैसे कई विषयों पर चर्चा की। महाथिर ने कहा, "हमारे लंबे समय से संबंध रहे हैं। हमारी कुछ समस्याएं समान हैं और हम समाधान पर चर्चा के लिए संवाद जारी रखेंगे। हमने प्रत्यक्ष विदेशी निवेश, निजीकरण, पर्यटन व खाद्य पर चर्चा की।"
इमरान ने मलेशिया से मांगा सहयोग
महाथिर ने यह भी कहा कि इमरान खान ने अपने देश को दक्षिण पूर्वी एशियाई राष्ट्र संगठन (आसियान) का संवाद साझेदार बनाने के लिए उनकी मदद मांगी है। उन्होंने कहा कि दोनों देश अपने पारस्परिक रक्षा सहयोग को जारी रखेंगे। अगस्त में प्रधानमंत्री बनने के बाद मलेशिया के अपने पहले दौरे पर आए खान ने कहा कि वह भ्रष्टाचार से मुकाबला करने के मलेशिया के प्रयासों से सीखने के इच्छुक हैं। खान ने कहा, "हम दोनों के हालात समान हैं क्योंकि हम दोनों ही (अपने-अपने देशों पर) भारी ऋण और भ्रष्टाचार के विरोध के साथ सत्ता में आए हैं।" खान ने यह भी कहा कि पाकिस्तान पर्यटन के लिए अपनी संभावनाओं को विकसित करने को आतुर है और पर्यटक स्थलों को विकसित करने के लिए वह मलेशिया से मदद चाहता है।
Published on:
21 Nov 2018, 8:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.