
रावलपिंडी।एक असामान्य घटनाक्रम में पाकिस्तान के मुख्यधारा के राजनीतिक दल पीएमएल (एन) के सदस्यों ने रावलपिंडी में सेना मुख्यालय (जीएचक्यू) के बाहर आईएसआई विरोधी नारे लगाए।पाकिस्तान के पूर्व प्रधान मंत्री नवाज शरीफ के समर्थन में जुटी इस भीड़ में बड़ी संख्या में नवाज समर्थक पाकिस्तान सेना के मुख्यालय के बाहर इकट्ठे हुए और "आईएसआई मुर्दाबाद " के नारे लगाए। इस प्रदर्शन में पीएमएल (एन) के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग आए और आईएसआई की आलोचना की।
आईएसआई के विरोध में उठी आवाज
नवाज समर्थकों द्वारा लगाए गए आईएसआई मुर्दाबाद के नारों से रावलपिंडी की सड़कें गूंज उठीं। 'ये जो दहशतगर्दी है, उसके पीछे वर्दी है' नारे लगते नवाज के समर्थक चिल्लाते हुए सेना मुख्यालय के सामने से गुजरे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि 25 जुलाई को होने वाले पाकिस्तान के आम चुनाव देश की जासूसी एजेंसी आईएसआई द्वारा तय किए गए हैं। इससे पहले पीएमएल (एन) ने 21 जुलाई को एफेड्रिन तस्करी मामले में नारकोटिक्स सबस्टेंस न्यायालय के फैसले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
अदालत लगा चुकी है फटकार
14 जुलाई को इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश जस्टिस शौकत सिद्दीकी ने न्यायपालिका और मीडिया को नियंत्रित करने के लिए आईएसआई की खुले तौर पर आलोचना की थी। रावलपिंडी बार एसोसिएशन में बोलते हुए उन्होंने आईएसआई पर मुख्य न्यायाधीश और अन्य न्यायाधीशों को नवाज शरीफ के भ्रष्टाचार के मामले सहित विभिन्न मामलों में अनुकूल फैसले लेने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया। बता दें की नवाज और उनकी बेटी मरियम रावलपिंडी में आडियाला जेल में 10 और 7 साल की जेल की सजा काट रहे हैं।
पाक चुनाव में आतंकियों के भाग लेने की खबरों के बीच अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ने सेना के निरपेक्ष न रहने पर चिंता व्यक्त की है। पाकिस्तान सेना पर आरोप है कि वह क्रिकेटर से बने राजनेता और पाकिस्तान तेहरिक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के प्रमुख इमरान खान के सत्ता में ले आने के लिए सभी प्रयास कर रही है।