
प्योंगयांग। उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन ने अपने देश पर लगाए गए अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों पर हमला बोला है। उन्होंने एक सप्ताह से भी कम समय में दूसरी बार प्रतिबंधों की निंदा की है। समजियोन जिले में एक निर्माण परियोजना के निरीक्षण के दौरान किम जोंग उन ने कहा, "शत्रुत्रापूर्ण ताकतों के सख्त प्रतिबंध और अवरोधक कदम हमारे समाजवाद की प्रगति में बाधा पहुंचाने की एक श्रंखला के रूप में लगाए गए हैं।" मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर कोरियाई नेता ने कहा कि प्रतिबंधों और मुश्किल भरे हालात के बावजूद देश आश्चर्यजनक चमत्कारों के साथ इतिहास बना रहा है।
किम ने दो दिन पहले भी की थी निंदा
उत्तर कोरिया देश की सरकारी समाचार एजेंसी ने दो दिन पहले एक खबर प्रकाशित की थी, जिसमें किम जोंग ने वोनसान-कलमा पर्यटक क्षेत्र में एक निर्माणाधीन स्थल का दौरा करते हुए प्रतिबंधों को 'ब्रिगैंडिश' (लुटेरों की हरकत) करार दिया था। इस दौरान उन्होंने अमरीका की जमकर आलोचना की थी। किम का कहना है कि जब उनका देश परमाणु निरस्त्रीकरण की तरफ आगे बढ़ रहा है तो अभी तक अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध क्यों लगे हुए हैं।
निर्माण परियोजना का निरीक्षण
जिस समजियोन जिले में किम जोंग उन निर्माण परियोजना का निरीक्षण कर रहे उसी जिले में किम के दिवंगत पिता और पूर्व नेता किम जोंग इल का जन्म हुआ था। निरीक्षण के दौरान किम के साथ उनकी पत्नी री सोल-जू और सत्तारूढ़ वकर्स पार्टी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट ने खोली थी किम की पोल
अभी हाल में ही जारी संयुक्त राष्ट्र की एक गोपनीय रिपोर्ट में उत्तर कोरिया पर आरोप लगाया गया है कि उसने अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों का उल्लंघन कर परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम को जारी रखा हुआ है। इस रिपोर्ट के बाद किम जोंग अमरीका समेत दुनिया के कई देशों के निशाने पर आ गए हैं। यही मुख्य वजह है कि उत्तर कोरिया पर लगे प्रतिबंध अभी तक नहीं हटाए गए हैं।