
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर में रविवार को आतंकियों के खिलाफ सेना की सबसे बड़ी कार्रवाई से लश्कर-ए-तैयबा चीफ हाफिज सईद बौखला गया है। मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज शोपियां और अनंतनाग में अपने आतंकियों की मौत का बदला लेना की बात कर रहा है। हाफिज ने पाकिस्तान सरकार से कहा है कि वो भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ दे। इससे पहले पाकिस्तान ने भी कश्मीर में मारे गए 13 आतंकियों को शहीद कहा है।
सेना ने लेफ्टिनेंट फैयाज की शहादत का बदला लिया
आतंकवादियों के खिलाफ भारतीय सेना ने रविवार को इस साल की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। शोपियां और अनंतनाग में एकसाथ तीन एनकाउंटर में जवानों ने 13 आतंकियों को मार गिराया। इस मुठभेड़ में आतंकियों का सामना करते हुए 4 जवान भी शहीद हुए। सेना ने इस ऑपरेशन क्लीन में लेफ्टिनेंट उमर फैयाज के हत्यारों को मौत के घाट उतारकर अपना प्रतिशोध भी ले लिया है।
सेना की कार्रवाई से बिलबिलाए अलगावादी
सेना की कार्रवाई से हाफिज और पाकिस्तान ही नही बल्कि कश्मीर में बैठे अलगावादी भी बिलबिला उठे हैं। शोपियां एनकाउंटर में मारे गए आतंकियों को शहीद बताते हुए अलगाववादी संगठन हुर्रियत कॉन्फ्रेंस ने बंद का एलान किया है। मीडिया से बात करते हुए हुर्रियत के एजाज फकरु ने कहा कि सेना ने फर्जी एनकाउंटर में इन बेगुनाह युवकों को मारा है। हुर्रियत ने शोपियां में मारे गए आतंकियों को शहीद बताते हुए हुर्रियत ने लोगों से सड़क पर उतरने और आतंकियों के जनाजे में शामिल होने की अपील की है। इसके मद्देनजर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। शोपियां और अनंतनाग में कर्फ्यू लगा दिया गया है। प्रशासन ने दक्षिण कश्मीर में इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी है। कश्मीर घाटी के बारामूला और जम्मू क्षेत्र के बनिहाल कस्बों के बीच रेल सेवाओं पर भी असर पड़ा है।
रविवार को कहां कितने आतंकवादी मारे गए?
- शोपियां के द्रागढ़ गांव में सात आतंकवादी मारे गए। जो रविवार को हुई कार्रवाई में सबसे अधिक है।
- अनंतनाग के दियालगाम में एक आतंकवादी मारा गया, जबकि एक अन्य आतंकवादी गिरफ्तार किया गया।
- शोपियां के कचदूरा गांव में लश्कर के एक टॉप कमांडर समते चार आतंकवादी मारे गए।