एशिया

पाकिस्तानः 10 साल कैद वाले फैसले को नवाज शरीफ ने दी हाईकोर्ट में चुनौती

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ अभी जेल में ही रहेंगे। हाईकोर्ट ने नवाज की याचिका को अभी तक स्वीकार की है।

2 min read
पाकिस्तानः 10 साल कैद वाले फैसले को नवाज शरीफ ने दी हाईकोर्ट में चुनौती

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने भ्रष्टाचार के मामले में जवाबदेही अदालत के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। शरीफ के वकील ने इस्लामाबाद उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है, जिसमें नवाज शरीफ को दोषमुक्त करने और उनके खिलाफ सभी आरोपों को समाप्त करने की मांग की गई है। इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने हालांकि अभी तक याचिका स्वीकार नहीं की है। याचिका स्वीकार करने के बाद ही सुनवाई की तारीख मुकर्रर होगी।

नवाज शरीफ पर ये है आरोप
नवाज शरीफ पर आय से ज्यादा संपत्ति रखने का आरोप है। तीन बार प्रधानमंत्री रहे शरीफ ने इस आरोप को राजनीति से प्रेरित बताकर खारिज किया है। उन्हें राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) के साथ 'सहयोग नहीं करने के लिए' एक वर्ष की अतिरिक्त सजा दी गई है। उनके दामाद को भी मामले के संबंध में एक वर्ष की सजा सुनाई गई है।
10 साल की सुनाई गई है सजा
भ्रष्टाचार के एक मामले में नवाज शरीफ को 10 वर्ष की सजा सुनाई गई है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, भ्रष्टाचार रोधी अदालत ने उनकी बेटी मरियम के खिलाफ भी लंदन में चार आलीशान फ्लैट से संबंधित मामले में सात वर्षो की सजा सुनाई है। दोनों शुक्रवार को लंदन से पाकिस्तान लौटे थे। दोनों इस्लामाबाद के नजदीक रावलपिंडी के अदियाला कारावास में बंद हैं, जहां वे भ्रष्टाचार के दो अन्य मामलों में भी मुकदमे का सामना करेंगे। अदालत ने शरीफ पर 80 लाख पाउंड और मरियम पर 20 लाख पाउंड का जुर्माना भी लगाया है। आपको बता दें कि नवाज शरीफ, मरियम नवाज शरीफ और रिटायर्ड कैप्टन सफदर को अदियाला जेल के एक ही कंपाउंड में रखा गया है। परिवार के तीनों सदस्य जेल कंपाउंड के तीन अलग-अलग कमरों में बंद हैं। हालांकि उन्हें एक-दूसरे से मिलने की इजाजत दी गई है।

ये भी पढ़ें

पाकिस्‍तान: नवाज और मरियम से नहीं मिल सका उनका परिवार, गुरुवार तक करना पड़ेगा इंतजार

Published on:
16 Jul 2018 08:04 pm
Also Read
View All