एशिया

ख्वाजा आसिफ की अयोग्यता के खिलाफ पाक कोर्ट में याचिका, कहा गलती हुई माफ करें

संसद से अयोग्य ठहराए जाने के खिलाफ ख्वाजा आसिफ ने हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की है।
2 min read
• •
Updated: 2 May 2018, 6:43 PM IST
Khwaja asif

इस्लामाबादः पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री ख्वाजा आसिफ ने खुद को अयोग्य ठहराए के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। ये अपील उन्होंने इस्लामाबाद हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ की है जिसमें कोर्ट ने ख्वाजा आसिफ को जीवन भर के लिए संसद से अयोग्य ठहरा दिया था। उन्हें संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का वर्क परमिट रखने के कारण अदालत ने अयोग्य ठहराया है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आसिफ ने अपनी याचिका में कहा कि वह 'अनजाने' में अपने नामांकन पत्र में विदेश में काम करने के परमिट का उल्लेख करने से चूक गए थे। उन्होंने सर्वोच्च न्यायायल से इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के आदेश को निरस्त करने की मांग की है।

उस्मान डार ने की थी शिकायत
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के नेता उस्मान डार ने आसिफ की शिकायत हाईकोर्ट में की थी। डार ने याचिका में पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के नेता आसिफ पर अपने नामांकन पत्र में यूएई की एक कंपनी में अपने रोजगार और मासिक वेतन की जानकारी नहीं देने का आरोप लगाया था। पीटीआई नेता की याचिका पर आसिफ को संसद सदस्यता के लिए आजीवन अयोग्य घोषित किया गया है। इस्लामाबाद उच्च न्यायालय की तीन सदस्यीय पीठ ने 27 अप्रैल को अपने फैसले में कहा था कि आसिफ संविधान के अनुसार 'बेईमान' साबित हुए, क्योंकि उन्होंने अपनी संपत्ति या आय के स्रोत का खुलासा नहीं करके एक सार्वजनिक पद धारण करने के लिए संविधान की जरूरतों को पूरा नहीं किया।

राजनीति में बना रहूंगा- ख्वाजा आसिफ
पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री ने कोर्ट के फैसले पर निराशा जताते हुए कहा था कि, "अगर मैं चुनाव नहीं लड़ सकूंगा तो कोई और मेरे स्थान पर चुनाव लड़ेगा। राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने से मुझे कोई भी शक्ति रोक नहीं सकती। मैं 28 वर्षो से लोगों की सेवा कर रहा हूं।"

Published on: