एशिया

पाकिस्तान में मनाया जा रहा है 72वां स्वतंत्रता दिवस, वाघा बॉर्डर पर भारतीय सेना के साथ बांटी मिठाइयां

पाकिस्तान में आज यानी 14 अगस्त को आजादी का जश्न मनाया जा रहा है।
2 min read
pakistan exchange sweets with indian army at 72nd independence day
पाकिस्तान में मनाया जा रहा है 72वां स्वतंत्रता दिवस, वाघा बॉर्डर पर भारतीय सेना के साथ बांटी मिठाईयां

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में आज यानी 14 अगस्त को आजादी का जश्न मनाया जा रहा है। वहां के लोग पूरे जोश और देशभक्ति के साथ देश का 72वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस के लिए इमारतों को भी रोशन किया गया।

शहरों व कस्बों में लोगों ने मध्यरात्रि से ही शुरू कर दी थी आतिशबाजी

मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि देश के विभिन्न शहरों व कस्बों में लोगों ने मध्यरात्रि से ही आतिशबाजी करनी शुरू कर दी। वहां के स्थानीय अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक दिन की शुरुआत आजादी की मुबारकबाद से हुई। इसके साथ ही वहां के हर सार्वजनिक इमारतों में राष्ट्रीय ध्वज भी फहराए गए।

राजधानी इस्लामाबाद में 31 बंदूकों की सलामी के साथ शुरू हुआ आजादी का जश्न

आपको बता दें कि पाक की राजधानी इस्लामाबाद में 31 बंदूकों की सलामी के साथ आजादी का यह जश्न शुरू हुआ। राजधानी में जश्न के साथ-साथ वहां के सभी चार प्रांतीय राजधानियों में भी 21 बंदूकों की सलामी दी गई।

भारतीय सेना के साथ बांटी मिठाईयां

वहीं सौहार्द की भावना बढ़ाने के लिए पाकिस्तानी रेंजर्स के अधिकारियों ने वाघा सीमा पर भारतीय सीमा सुरक्षाबल के साथ मिठाइयां बांटी।

मुख्य समारोह इस्लामाबाद के कन्वेंशन सेंटर में होगा आयोजित

बताया जा रहा है कि आजादी का मुख्य समारोह इस्लामाबाद के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर वहां के राष्ट्रपति ममनून हुसैन राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकते हैं। इस दौरान केयरटेकर प्रधानमंत्री नसीरुल मुल्क, तीनों सेनाओं के प्रमुख और अन्य गणमान्य मौजूद रहेंगे।

लाहौर में कायद-ए-आजम मुहम्मद अली जिन्ना के मकबरे पर चेंज ऑफ गार्ड समारोह

इसके अलावा कराची और लाहौर में कायद-ए-आजम मुहम्मद अली जिन्ना और अलामा इकबाल के मकबरों में भी चेंज ऑफ गार्ड समारोह आयोजित किए गए।

Updated on:
14 Aug 2018 11:56 am
Published on:
14 Aug 2018 11:56 am