
इस्लामाबादः आतंकी हाफिज सईद को फेसबुक ने तगड़ा झटका दिया है। पाकिस्तान में चुनाव लड़ रही हाफिज सईद की पार्टी और उसके उम्मीदवारों के पेज को फेसबुक ने डिलीट कर दिया है। यही नहीं फेसबुक ने हाफिज की पार्टी के उम्मीदवारों के अलावा उससे जुड़े कई अन्य पेजों को भी डिलीट कर दिया है। बता दें कि मिल्ली मुस्लिम लीग चुनाव चुनावी मैदान में उतरी है। चुनाव आयोग से बैन के बाद इस पार्टी के उम्मीदवार अल्ला हू अकबर पार्टी के बैनर तले चुनाव लड़ रहे हैं।
फेसबुक ने नहीं बताई वजह
फिलहाल फेसबुक ने हाफिज की पार्टी का पेज डिलीट करने के पीछे की वजह नहीं बताई है। लेकिन माना जा रहा है कि अमरीका के दबाव में फेसबुक ने ये कार्रवाई की है। उधर, जमात-उत-दावा के सरगना हाफिज सईद के समर्थकों ने फेसबुक की कड़ी निंदा की है। इन आतंकियों का कहना है कि फेसबुक ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन करके उनके साथ अन्याय किया है।
250 उम्मीदवार अजमा रहे हैं किस्मत
बताया जा रहा है कि आतंकी हाफिज सईद ने अल्ला हू अकबर पार्टी के बैनर तले अपने 250 उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है। इस चुनाव में हाफिज सईद का बेटा भी चुनाव लड़ रहा है। इसके अलावा अल्ला हू अकबर पार्टी की तरफ से जमात उद-दावा का आतंकी कारी मुहम्मद शेख याकूब भी चुनाव लड़ रहा है। उसे लाहौर की एक सीट से टिकट दिया गया है। पिछले साल सितंबर में याकूब लाहौर की एनए-120 सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि, इस सीट पर नवाज शरीफ की पत्नी बेगम कुलसूम शरीफ को जीत मिली थी। फिलहाल हाफिज सईद ने खुद चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। बता दें कि पाकिस्तान में आगामी 25 जुलाई को आम चुनाव हो रहे हैं।