एशिया

भारतीय मिसाइलों का जवाब बखूबी दे सकता है पाकिस्तान, S-400 से डरने की जरुरत नहीं: एनसीए

पाकिस्तान को बेफिक्र रहना चाहिए क्योंकि उसके पास न सिर्फ अपनी आत्मरक्षा बल्कि भारत के खिलाफ प्रतिक्रिया के लिए पर्याप्त विकल्प हैं
2 min read
• •
Updated: 8 Nov 2018, 12:22 PM IST
Pakistan missile
भारतीय मिसाइलों का जवाब बखूबी दे सकता है पाकिस्तान, S-400 से डरने की जरुरत नहीं: एनसीए

लाहौर। पाकिस्तान भारतीय मिसाइलों का जवाब बखूबी देने में सक्षम है। स्ट्रेटेजिक विजन इंस्टिट्यूट द्वारा आयोजित एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए पाकिस्तान राष्ट्रीय कमान प्राधिकरण के सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) खालिद किदवई ने यह दावा किया। किदवई ने यह दावा स्ट्रेटेजिक विजन इंस्टिट्यूट की एक रिपोर्ट के हवाले से किया है ।

भारत से निपटने में सक्षम है पाकिस्तान

पाकिस्तान राष्ट्रीय कमान प्राधिकरण के सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) खालिद किदवई ने कहा कि पाकिस्तान को भारत के मिसाइल सिस्टम से डरने की जरुरत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान के पास भारत की लेटेस्ट बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा प्रणाली का ‘किफायती समाधान’ मौजूद है। उन्होने दावा किया कि पाकिस्तान भारत की परमाणु पनडुब्बी का भी विकल्प खोजेगा। बता दें कि एनसीए पाकिस्तान की शीर्ष रणनीतिक संस्था है। खालिद किदवई ने यह दावा बुधवार को एक रिपोर्ट के आधार पर किया।

पाकिस्तान के पास पर्याप्त विकल्प

खालिद किदवई ने कहा कि पाकिस्तान को बेफिक्र रहना चाहिए क्योंकि उसके पास न सिर्फ अपनी आत्मरक्षा बल्कि भारत के खिलाफ प्रतिक्रिया के लिए पर्याप्त विकल्प हैं। बता दें कि खालिद एक सम्मेलन में बोल रहे थे। इसका विषय था ‘दक्षिण एशिया में परमाणु प्रतिरोध और सामरिक स्थिरता’। पाकिस्तानी पत्र डॉन ने जनरल किदवई के हवाले से कहा है कि, ‘हमारे सामरिक विकास का इतिहास स्पष्ट रूप से इंगित करता है कि पाकिस्तान कभी भी रणनीतिक संतुलन में व्यवधान उत्पन्न करने की अनुमति नहीं देता है।' खालिद किदवई ने दावा किया कि, "पाकिस्तान, बैलिस्टिक मिसाइलों के खिलाफ रक्षा प्रणाली विकसित करने में भारत का अनुसरण नहीं करेगा, लेकिन भारत द्वारा मिसाइल इकट्ठी करने की कोशिशों से हुए असंतुलन को दूर करने का प्रयास जरूर करेगा।"

एस-400 से डरने की जरुरत नहीं

रूस से खरीदी गई मिसाइल प्रणाली और भारत-रूस के बीच हुए समझौते पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि भारत को इससे कोई फायदा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि एस-400 का वाजिब विकल्प पहले से मौजूद है। स्ट्रेटेजिक विजन इंस्टिट्यूट के अध्यक्ष डा.जफर इकबाल चीमा ने कहा कि भारत पीछे कई सालों से पाकिस्तान के साथ युद्ध के लिए मौके तलाश रहा है। लेकिन भारत को यह देखना होगा कि पाकिस्तान एक परमाणु शक्ति संपन्न देश है।

Published on: