एशिया

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री की खुल गई पोल! कार नहीं रोज हेलिकॉप्टर से जाते हैं घर इमरान खान

पाकिस्तानी पीएम इमरान खान अपने घर जाने के लिए हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल करते हैं, सरकार का कहना है कि ये कार से ज्यादा सस्ती है।
2 min read
• •
Updated: 30 Aug 2018, 7:45 PM IST
Imran Khan
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री की खुल गई पोल! कार नहीं रोज हेलिकॉप्टर से जाते हैं घर इमरान खान

नई दिल्ली। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बनते वक्त इमरान खान ने देश से बड़े-बड़े वादे किए थे। उन्होंने पाकिस्तान की गिरती अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए सरकार में वीवीआईपी कल्चर को खत्म करने की बात कही थी। उन्होंने अपने पहले भाषण में ही कहा था कि वह प्रधानमंत्री आवास का इस्तेमाल नहीं करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पीएम और मंत्रियों पर होने वाले बेहिसाब खर्च को वह बिल्कुल खत्म कर देंगे, लेकिन मजह 15 दिन के अंदर ये वादे खोखले होते दिख रहे हैं। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक इमरान खान सरकारी आवास से अपने घर जाने के लिए हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल करते हैं। दावा है कि कार की तुलना में हेलिकॉप्टर से आना-जाना ज्यादा किफायती है।

कार से सस्ता है हेलिकॉप्टर का सफर: फवाद चौधरी

इमरान खान कैबिनेट के सूचना प्रसारण मंत्री फवाद चौधरी के अपने एक बयान से पाक सरकार के दावों की पोल खोल दी है। एक इंटरव्यू के दौरान फवाद चौधरी ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री इमरान खान द्वारा पीएम हाउस से अपने बानी गाला स्थित आवास पर जाने के लिए सरकारी हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने एक हैरान करने वाला दावा किया। चौधरी ने कहा कि पीएम के हेलिकॉप्टर से जाने में सिर्फ 55 पाकिस्तानी रूपए प्रति किलोमीटर का खर्च आता है, जो कि कार के खर्च से बेहद कम है।

कार से सफर पर खर्च होते करीब 750 पाकिस्तानी रूपए

पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक पीएम हाउस से बानी गली स्थित इमरान खान के घर की दूरी करीब 14 किलोमीटर है। जहां पहुंचने के तीन रास्ते हैं। सबसे कम दूरी वाला रास्ता 13.8 किलोमीटर का है। जहां कार से जाने में करीब 26 मिनट लगते हैं। दूसरा रास्ता करीब 16.4 किलोमीटर है, जिससे पहुंचने में लगभग 36 मिनट लगते हैं। वहीं तीसरा सबसे लंबी दूरी वाला रास्ता 17.5 किलोमीटर का है और इससे 30 मिनट में पहुंचा जा सकता है। इन रास्तों से अगर पीएम का काफिला गुजरता है तो अनुमानित खर्च 350 से 750 पाकिस्तानी रूपए बैठता है।

हेलिकॉप्टर से सफर पर आता है करीब 16,000 पाकिस्तानी रूपए

वहीं हेलिकॉप्टर से सफर करने पर यह दूरी 8 से 10 नॉटिकल माइल्स बताया जा रहा है। पाकिस्तान में अपने दौरे के लिए इमरान खान आमतौर पर 15 सीटर मीडिमय ट्विन इंजन वाले अगस्ता वेस्टलैंड AW139 हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल करते हैं। इसके जरिए प्रति नॉटिकल माइल्स की दूरी तय करने पर 1600 पाकिस्तानी रूपए लगते हैं। इस हिसाब से खान को अपने घर जाने में 12,800 से 16,000 रूपए खर्च होते होंगे।

पीएम हर सुविधा का कर सकते हैं इस्तेमाल: सरकार

फवाद चौधरी ने इमरान खान द्वारा हेलिकॉप्टर के इस्तेमाल की एक और वजह बताई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अगर सड़क से गुजरते हैं, तो लोगों को मुश्किलें आती हैं। ऐसे में हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल पूरी तरह सही है। चौधरी ने आगे कहा कि बतौर प्रधानमंत्री इमरान खान को पूरा अधिकार है कि वे इस पद पर रहने वाले को मिलने वाली सुविधाओं का पूरा इस्तेमाल करें। फवाद के बयान के बाद सोशल मीडिया पर इमरान खान और फवाद चौधरी की जमकर खिल्ली उड़ाई जा रही है।

वीआईपी के लिए प्रथम श्रेणी हवाई यात्रा पर प्रतिबंध

25 अगस्त को ही इमरान खान की सरकार ने राष्ट्रपति, मुख्य न्यायाधीश, सीनेट अध्यक्ष और नेशनल एसेंबली के स्पीकर की प्रथम श्रेणी हवाई यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया है। डॉन न्यूज के मुताबिक, सत्ताधारी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) सरकार ने शुक्रवार को सरकारी संस्थानों में कामकाज के घंटों में संशोधन, प्रधानमंत्री, संघीय मंत्रियों और नेशनल एसेंबली के सदस्यों के विवेकाधीन निधि को समाप्त करने के बाद यह कदम उठाया।

Published on: