एशिया

पाकिस्तान: राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव कल, इमरान के प्रत्याशी के जीतने की उम्मीद

पाकिस्तान चुनाव आयोग ने वोटिंग के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस्लामाबाद में संसद भवन और लाहौर, कराची, पेशावर और क्वेटा में प्रांतीय असेंबलियों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे वोट डाले जाएंगे।
2 min read
• •
Updated: 3 Sep 2018, 8:06 PM IST
paki
पाकिस्तान: राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव कल, इमरान के प्रत्याशी के जीतने की उम्मीद

पाकिस्तान में कल नए राष्ट्रपति लिए चुनाव होने हैं। जानकार इसमें सत्तारूढ़ पीटीआई (पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी) के उम्मीदवार के जीतने की संभावना जता रहे हैं। उनका मानना है कि संयुक्त विपक्ष अपने सांझा उम्मीदवार को मैदान में उतारने में विफल रहा है। बता दें, वर्तमान में पीएम इमरान खान इसी पार्टी के प्रमुख हैं।

पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) ने चुनाव संबंधी सभी तैयारियां आज पूरी कर ली हैं। नेशनल एसेंबली के साथ सभी चार प्रांतीय एसेंबली में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मुख्य निर्वाचन आयुक्त सरदार रजा खान निर्वाचन अधिकारी होंगे। निवर्तमान राष्ट्रपति ममनून हुसैन का कार्यकाल आठ सितंबर को समाप्त हो रहा है। उन्होंने पांच साल के दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से चुनाव में उतरने से इनकार कर दिया था।

इन चुनाव में सत्तारूढ़ पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ की ओर आरिफ अल्वी, पीपीपी (पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी) की ओर से चौधरी एतजाज अहसन और जमीअत-ए-उलेमा (एफ) की ओर से मौलाना फजल उर रहमान मैदान में हैं। कराची में रहने वाले अल्वी पहले दंतचिकित्सक थे। बता दें, संयुक्त विपक्ष अल्वी को चुनौती देने के लिए एक उम्मीदवार खड़ा करने की योजना पर काम कर रहा था। लेकिन यह योजना सिरे नहीं चढ़ पाई।

गौर हो, राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए विपक्षी दल एकजुट हो गए थे। इसके बाद उम्मीदवार के नाम पर पेंच फंस गया। महागठबंधन की पीपीपी (पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी) के ऐतजाज एहसन को राष्ट्रपति पद के लिए संयुक्त उम्मीदवार बनाया था। बाद में सूत्रों के हवाले एक खबर आई थी कि महागठबंधन की लगभग सभी पार्टियों ने पीपीपी के नामांकित ऐतजाज एहसान को राष्ट्रपति पद के लिए संयुक्त उम्मीदवार के रूप में खारिज कर दिया। हालांकि पार्टी के किसी अन्य व्यक्ति का समर्थन करने पर सहमति व्यक्त की। इस्लामाबाद में संसद भवन और लाहौर, कराची, पेशावर और क्वेटा में प्रांतीय असेंबलियों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे वोट डाले जाएंगे।

Published on: