एशिया

गुजरात चुनाव में हमें घसीटना बंद करे भारत, अपनी ताकत पर लड़े चुनाव- पाक विदेश मंत्रालय

पाकिस्तान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने ट्वीट कर कहा कि पाकिस्तान को गुजरात चुनाव न घसीटे भारत
2 min read
• •
Updated: 11 Dec 2017, 1:28 PM IST
Pakistan’s ministry of foreign affairs
Pakistan’s ministry of foreign affairs

नई दिल्ली:गुजरात विधानसभा चुनाव में पाकिस्तान का मुद्दा खूब चर्चाओं में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के बीच पाकिस्तान को लेकर खूब जुबानी जंग चली है। गुजरात चुनाव में पाकिस्तान का नाम बार-बार आने को लेकर अब पाकिस्तान ने भी आपत्ति जताई है। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता डॉक्टर मोहम्मद फैसल ने ट्वीट कर कहा है कि भारत के नेता चुनावी बहस के दौरान पाकिस्तान को घसीटना बंद करे और अपनी ताकत पर चुनाव लड़े, न कि झूठी साजिशों के बूते जो कि पूरी तरह से निराधार और गैर जिम्मेदाराना हैं।

पीएम ने पाकिस्तान को लेकर बोला था कांग्रेस पर हमला
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में एक चुनावी सभा में कहा था कि पाकिस्तान गुजरात चुनाव के परिणामों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ये बयान मणिशंकर की उस टिप्पणी के बाद दिया था, जिसमें उन्होंने पीएम मोदी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया था। पीएम मोदी ने कहा था कि विपक्षी दल के नेताओं ने अय्यर के बयान से एक दिन पहले पाकिस्तान के मौजूदा एवं पूर्व अधिकारियों के साथ एक गुप्त बैठक की थी।

PAK आर्मी के डीजी ने की थी अहमद पटेल को CM बनाने की मांग
आपको बता दें कि हाल ही में पाकिस्तानी सेना के पूर्व महानिदेशक सरदार अरशद रफीक के द्वारा वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल को गुजरात का मुख्यमंत्री बनाने की कथित अपील की गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मुद्दे को उठाते हुए कांग्रेस पर सवाल खड़े किए। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मीडिया में मणिशंकर अय्यर के आवास पर हुई बैठक के बारे में कल खबरें थीं। इसमें पाकिस्तान के उच्चायुक्त, पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री, भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने हिस्सा लिया।’’ मोदी ने कहा कि अय्यर के आवास पर तकरीबन तीन घंटे तक बैठक चली।

पीएम मोदी ने कहा कि इस मीटिंग के अगले ही दिन अय्यर ने मुझको लेकर वो टिप्पणी की। पीएम मोदी ने कहा कि एक तरफ पाकिस्तानी सेना के पूर्व डीजी गुजरात के चुनाव में हस्तक्षेप कर रहे हैं, दूसरी तरफ पाकिस्तान के लोग मणिशंकर अय्यर के आवास पर बैठक कर रहे हैं।

Published on: