13-14 जून को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में होगा SCO शिखर सम्मेलन। SCO में आठ सदस्य देशों के प्रतिनिधि लेंगे हिस्सा। भारत और पाकिस्तान 2017 में SCO के सदस्य बने थे।
पेइचिंग। किर्गिस्तान ( Kyrgyzstan ) की राजधानी बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन ( Shanghai cooperation organisation) शिखर सम्मेलन 13-14 जून होने वाला है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ( Narendra Modi ) और चीन ( China ) के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ( President Xi Jinping ) एक-दूसरे के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। हालांकि पाकिस्तान ( Pakistan ) के प्रधानमंत्री इमरान खान ( Imran Khan ) से पीएम मोदी के मुलाकात का कोई कार्यक्रम अभी निर्धारित नहीं है। इस सबंध में भारतीय विदेश मंत्रालय ( MEA ) की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है।
शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन से मिलेंगे मोदी
विदेश मंत्रालय में सचिव गीतेश शर्मा ने बताया है कि किर्गिस्तान के बिश्केक में एससीओ शिखर सम्मेलन के मौके पर पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच तथा पीएम मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी। उधर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन में प्रधान मंत्री मोदी और पाकिस्तान के प्रधान मंत्री इमरान खान के बीच कोई बैठक नहीं हो रही है। अभी इस मुलाक़ात के बारे में इससे ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता।
CICA सम्मेलन में हिस्सा लेंगे जिनपिंग
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लू खांग ने रविवार को बताया कि किर्गिजस्तान के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर चीनी राष्ट्रपति शी जिनफिंग 12 से 14 जून तक किर्गिजस्तान की राजकीय यात्रा करेंगे और बिश्केक में आयोजित शांगहाई सहयोग संगठन के सदस्य देशों के नेताओं की परिषद की 19वीं बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा जिनपिंग तजाकिस्तान के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर 14 से 16 जून तक दुशांबे में आयोजित होने वाले 'एशिया में सहयोग और विश्वास बहाली के उपायों' ( CICA ) के संबंध में पांचवें शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और तजाकिस्तान की राजकीय यात्रा करेंगे।
बीते साल शी-मोदी के बीच हुई थी मुलाकात
बता दें कि SCO चीन के नेतृत्व वाला आठ देशों का एक आर्थिक सहयोग एवं सुरक्षा का संगठन है। 2017 में भारत व पाकिस्तान को इसमें शामिल किया गया था। बीते सप्ताह चीन में भारत के राजदूत विक्रम मिस्त्री ने इस बात को बताया था कि SCO सम्मेलन में भारत व चीन के शीर्ष नेता मिलेंगे। मिस्त्री ने कहा कि हमारे नेता बीते साल अलग-अलग बहुपक्षीय सम्मेलनों में चार बार मिले हैं। उन्होंने आगे कहा था कि अब इस साल SCO सम्मेलन में फिर से दोनों शीर्ष नेता मिलने वाले हैं। बीते साल मोदी और शी के बीच 27-28 अप्रैल को वुहान में मुलाकात हुई थी।
Read the Latest World News on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले World News in Hindi पत्रिका डॉट कॉम पर. विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर.