
नई दिल्ली। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दो दिन पहले गुरुवार को इमरान खान ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली थी। इमरान खान के कोरोना पॉजिटिव होने पर भारत ने एक सच्चे दोस्त और पड़ोसी का धर्म निभाते हुए उनके स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा 'पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के जल्द स्वस्थ होने की कामन करता हूं।'
आपको बता दें कि कोरोना संक्रमित होने के बाद इमरान खान होम आइसोलेशन में चले गए हैं। इसकी जानकारी स्वास्थ्य मामलों पर प्रधानमंत्री के विशेष सहायक डॉक्टर सुल्तान ने ट्वीट करते हुए दी।
उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘प्रधानमंत्री इमरान खान कोविड-19 की चपेट में आ गए हैं और उन्होंने अपने आवास पर खुद को पृथक कर लिया है।' खान के प्रवक्ता डॉक्टर शहबाज गिल ने बताया कि प्रधानमंत्री को हल्का बुखार और खांसी है।
इमरान खान के कोरोना पॉजिटिव होने पर अधिकारियों ने दी सफाई
आपको बता दें कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इधर कोरोना टीका लगाने के बाद प्रधानमंत्री इमरान खान के संक्रमित पाए जाने को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा, नियमन तथा संयोजन मंत्रालय ने सफाई दी है। मंत्रालय ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि कोरोना टीके की दूसरी खुराक लेने के दो से तीन सप्ताह बाद एंटीबॉडी विकसित होती है।
मंत्रालय ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘प्रधानमंत्री इमरान खान जिस समय वायरस की चपेट में आए, तब तक उनपर वैक्सीन का असर पूरी तरह नहीं हुआ था। उन्होंने महज दो दिन पहले टीके की पहली खुराक ली है। दो दिन ANY टीके के प्रभावी होने के हिसाब से बहुत कम समय है।'
इससे पहले गुरुवार को इमरान खान ने चीनी कंपनी साइनाफार्मा की कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाई थी। टीका लगाने के बाद उन्होंने लोगों से अपील की थी कि वे कोरोना को फैलने से रोकने के लिए बनाए गए नियमों का पालन करें और टीका लगवाएं।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट करते हुए बताया था कि आज (गुरुवार) पीएम इमरान खान को कोरोना टीका लगाया गया। उन्होंने इसे मौके पर इस महामारी की तीसरी लहर को देखते हुए तय किए गए प्रतिबंधों व मानकों के पालन करने का आग्रह किया है। पाकिस्तान ने अभी हाल ही में सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में लॉकडाउन लगाया है।