एशिया

प्रधानमंत्री मोदी के सिंगापुर दौरे का आखिरी दिन, मंदिर के बाद पहुंचे मस्जिद

शनिवार को सिंगापुर में पीएम मोदी अमरीकी रक्षा सचिव जिम मैटिस से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा पीएम मोदी का चूलिया मस्जिद में भी जाने का कार्यक्रम है।
2 min read
• •
Updated: 2 Jun 2018, 11:05 AM IST
Modi in Masjid
Modi in Masjid

सिंगापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिंगापुर के 2 दिवसीय दौरे पर हैं और शनिवार को उनके दौरे का आखिरी दिन है। पीएम मोदी इंडोनेशिया और मलेशिया के बाद सीधा सिंगापुर पहुंचे थे। शनिवार को पीएम मोदी अपने दौरे के आखिरी दिन कई अहम कार्यक्रमों में शामिल होने वाले हैं और कई अहम मुलाकातें भी उनकी होने वाली हैं। इसकी शुरूआत उन्होंने सिंगापुर के श्री मरम्मन मंदिर में दर्शन से की। पीएम मोदी सबसे पहले मरम्मन मंदिर गए, जहां उन्होंने पूरे विधि-विधान से पूजा अर्चना की। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चूलिया मस्जिद पहुंचे।

सिंगापुर के सांस्कृतिक मंत्री के साथ मोदी पहुंचे मस्जिद

पीएम मोदी के चूलिया मस्जिद जाने की जानकारी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रविश कुमार ने ट्वीट कर दी है। हालांकि पहले ये माना जा रहा था कि पीएम मोदी पहले मस्जिद में जाएंगे, लेकिन वो पहले मंदिर में गए। यहां उनके साथ सिंगापुर के सांस्कृतिक मंत्री ग्रेस येन भी मौजूद रहे। यह मस्जिद एक भारतीय चूलिया मुस्लिम व्यापारी ने बनवाई थी। पीएम मोदी का इंडियन हेरिटेज सेंटर भी जाने का कार्यक्रम है। इसके बाद भारतीय समयानुसार दोपहर 2 बजकर 50 मिनट पर वह भारत के लिए रवाना हो जाएंगे। आपको बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिंगापुर के पूर्व प्रधानमंत्री गोह चोक तोंग से मुलाकात की थी।

पूर्व प्रधानमंत्री के साथ मिल किया महात्मा गांधी पट्टिका का अनावरण

इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गोह चोक तोंग के साथ मिलकर क्लिफॉर्ड पियर में महात्मा गांधी पट्टिका का अनावरण किया था। पीएम मोदी गुरुवार को इंडोनेशिया और मलेशिया के दौरे के बाद सिंगापुर पहुंचे थे। शुक्रवार को दोनों देशों के बीच कई तरह के समझौते हुए। पीएम मोदी ने यहां एक विश्वविद्यालय का भी दौरा किया, इस दौरान उन्होंने रोबोट के साथ भी बात की। प्रधानमंत्री के दौरे की जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और टेक्नॉलोजी के मुद्दों पर सहमति बनी है।

दोनों देशों के बीच आठ समझौतों पर बनी सहमति

भारत और सिंगापुर के बीच रक्षा और आर्थिक सहयोग समेत दोनों देशों के बीच आठ समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। ये समझौता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सिंगापुर के उनके समकक्ष ली सीन लूंग के बीच यहां हुई द्विपक्षीय वार्ता के बाद किया गया। दोनों देशों के बीच व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते (सीईसीए) की दूसरी समीक्षा की समाप्ति के बाद संयुक्त बयान जारी किया गया। भारत और सिंगापुर ने 2005 में सीईसीए पर हस्ताक्षर किए थे। सिंगापुर भारत के साथ इस तरह के समझौते पर हस्ताक्षर करने वाला पहला देश है।

1. नर्सिंग पर म्युचुअल पहचान एग्रीमेंट

2. भारतीय नेवी और सिंगापुर की नेवी के बीच साझा समन्वय, जहाजों के लिए सेवा का आदान-प्रदान, सबमरीन के लिए भी समझौता

3. भारत कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम, IT मंत्रालय, भारत सरकार, सिंगापुर कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम, साइबर सुरक्षा एजेंसी ऑफ रिपब्लिक ऑफ सिंगापुर के बीच समझौता

4. नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ऑफ रिपब्लिक ऑफ इंडिया, सेंट्रल नारकोटिक्स ब्यूरो, ऑफ सिंगापुर के बीच समझौता

5. पर्सनल मैनेजमेंट और पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन के लिए भारत और सिंगापुर में समझौता

6. दोनों देशों के वित्त मंत्रालय के बीच ज्वाइंट वर्किंग ग्रुप बनाने के लिए समझौता

7. भारत के नीति आयोग और सिंगापुर कॉर्पोरेशन एंटरप्राइज के बीच प्लानिंग के क्षेत्र में समझौता

Updated on:
2 Jun 2018, 11:05 AM IST
Published on: