श्रीलंका के राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे 28 नवंबर से 30 नवंबर तक भारत के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे गोतबाया राजपक्षे राष्ट्रपति बनने के बाद अपनी पहली विदेश यात्रा पर भारत आए
कोलंबो। श्रीलंका के राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे अपने पहले विदेश दौरे पर शुक्रवार को भारत पहुंचे। इस तीन दिवसीय यात्रा में राजपक्षे के सचिव पीबी जयसुंदर और प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे के सलाहकार ललित वीरतुंगा भी उनके साथ हैं।
पीएम मोदी के खास बुलावे पर नई दिल्ली पहुंचे राष्ट्रपति राजपक्षे का एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने स्वागत किया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की। राजपक्षे को चीन के करीब माना जाता है। ऐसे में उनके चुनाव जीतने के बाद यह भारत के लिए कुछ चिंता बढ़ाने वाली बात माना जा रहा है।
श्रीलंका के चुनाव परिणामों के 2 दिन बाद ही भारतीय विदेश मंत्री एस.जयशंकर ने अघोषित दो दिवसीय यात्रा कर राजपक्षे से मुलाकात की थी। गौरतलब है कि राष्ट्रपति राजपक्षे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आए हैं। इस यात्रा के दौरान वह पीएम मोदी के साथ रणनीतिक द्विपक्षीय रिश्तों पर बातचीत करेंगे।
बता दें कि गोतबाया के नई दिल्ली पहुंचने से पहले ही भारत में विरोध शुरू हो गया था। MDMK के नेता वाइको और उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे के भारत आगमन से पहले ही उनके खिलाफ गुरुवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया।
वाइको ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार श्रीलंका के नए राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे के साथ मेलजोल बढ़ा रही है, जो 2009 में श्रीलंका में गृहयुद्ध के दौरान देश के रक्षा सचिव थे।
श्रीलंका में डरे हुए हैं तमिल: वाइको
चेन्नई में MDMK की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि नरेंद्र मोदी सरकार श्रीलंका की नई सरकार के साथ नजदीकियां बढ़ा रही है। ऐसा करना तमिलों के साथ विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि श्रीलंका में तमिल डरे हुए हैं और वे बहुत दहशत में हैं।
वाइको ने आरोप लगाया कि श्रीलंका की नौसेना तमिलनाडु के मछुआरों को लगातार निशाना बनाती रहती है। पिछले 30 वर्ष में 580 से अधिक तमिल मछुआरे मारे गये हैं और उनकी नौकाएं जब्त हुई हैं। इसके अलावा श्रीलंका की जेलों में कई मछुआरे बंद हैं।
आपको बता दें कि राजपक्षे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर गुरुवार को अपनी पहली भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचेंगे। वे 28 नवंबर से 30 नवंबर तक भारत के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे।
Read the Latest World News on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले World News in Hindi पत्रिका डॉट कॉम पर. विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर.