
टोक्यो। जापान की राजधानी टोक्यो में खेलों के महाकुंभ ओलंपिक का आयोजन हो रहा है। इस बीच शुक्रवार को टोक्यो में ही मेट्रो ट्रेन में एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में 10 यात्री घायल हो गए। इनमें से 9 यात्रियों को थोड़ी अधिक चोट आई है। इन सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी हमला कर भागने की कोशिश कर रहा था, भी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। एनएचके पब्लिक टेलीविजन ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि इस घटना में दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। रेलवे ऑपरेटर ओडाक्यू इलेक्ट्रिक रेलवे कंपनी के अनुसार, सिजोगाकुएन स्टेशन के पास चाकूबाजी की इस घटना को अंजाम दिया गया।
अधिकारियों ने बताया है कि हमलावर ने यात्रियों पर अचानक हमला कर दिया और फिर वहीं पर अपना चाकू फेंककर भागने लगा। ट्रेन लाइन ज्यादातर जमीन से ऊपर है, लेकिन जहां हमला हुआ वहां ट्रेन भूमिगत (अंडरग्राउंड) चलती है। बाद में टोक्यो में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि ओलपिंक का समापन रविवार को होगी।
9 यात्री अस्पताल में भर्ती
जानकारी के अनुसार, हमले की सूचना मिलते ही मौके पर दमकल विभाग की टीम पहुंची और फिर घायल 9 यात्रियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। एक यात्री को मामलू चोट आई है। दमकल विभाग ने बताया कि सभी 9 घायल यात्री अभी ठीक हैं।
एनएचके पब्लिक टेलीविजन ने अपनी रिपोर्ट में ये दिखाया है कि जिस जगह से आरोपी को गिरफ्तार किया गया वहां पर पहले से पुलिस की कई कारें खड़ी थी। पुलिस ने हमलावर की पहचान करते हुए तुरंत गिरफ्तार कर लिया।